कैरी मुलिगन और मार्कस ममफोर्ड ने लॉस एंजिल्स में आयोजित Children in Conflict के वार्षिक Wassail benefit से 7.65 मिलियन डॉलर जुटाए. यह कार्यक्रम पहली बार लॉस एंजिल्स में हुआ. इससे पहले इसका आयोजन लंदन और न्यूयॉर्क में किया जाता था. कार्यक्रम El Rey Theatre में आयोजित किया गया.
Children in Conflict युद्धग्रस्त और गंभीर संघर्ष वाले इलाकों में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए काम करने वाला गैर-लाभकारी संगठन है. मुलिगन और ममफोर्ड इसके संस्थापक वैश्विक राजदूतों में शामिल हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों हर साल संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों की यात्रा कर संगठन के कार्यक्रमों का जायजा लेते हैं.
संगीत और सितारों से सजी शाम
कॉमेडियन जैक व्हाइटहॉल ने कार्यक्रम की मेजबानी की. Mumford & Sons, ब्रांडी कार्लाइल, सिएरा फेरेल और जेन्सन मैकरे ने प्रस्तुति दी. वियोला डेविस और ऑक्टेविया स्पेंसर ने कार्यक्रम में रीडिंग्स प्रस्तुत कीं.
कार्यक्रम में डेजी एडगर-जोन्स, एमा वॉटसन, कोर्टनी कॉक्स, क्रिस्टन बेल, डैक्स शेपर्ड और डेविड चांग समेत कई मेहमान शामिल हुए. मेहमानों के लिए शेफ क्रिस बियांको और बिली डर्नी ने मेन्यू तैयार किया, जबकि टेबल पर मैजिशियन पीट हीट ने मनोरंजन किया.
राशि की घोषणा करते हुए मुलिगन ने कहा कि यह अब तक जुटाई गई सबसे बड़ी रकम है. ममफोर्ड ने कहा कि इस धनराशि से युद्धग्रस्त क्षेत्रों में 10 लाख से अधिक बच्चों तक सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी. Children in Conflict के CEO रॉब विलियम्स ने कहा कि लॉस एंजिल्स में संगठन को नए सहयोगी समुदाय का समर्थन मिला है और अगले वर्ष शहर में और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
