अभिनेत्री सेलिना जेटली ने दिवाली के मौके पर अपने तीनों बेटों से दूर रहने का दर्द सोशल मीडिया पर साझा किया. उन्होंने बताया कि यह उनकी बेटों के बिना दूसरी दिवाली है. सेलिना के बेटे विंस्टन, विराज और आर्थर ऑस्ट्रिया में अपने पिता पीटर हाग के साथ रह रहे हैं.
सेलिना ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि उन्हें यह सोचकर दुख होता है कि उनके मासूम बेटे इतनी तकलीफ से गुजर रहे हैं और उन्हें लगता है कि उन्हें किसी एक पक्ष को चुनना पड़ सकता है. उन्होंने यह भी चिंता जताई कि परिस्थितियों के बीच बच्चे अपनी मां के प्यार को न भूल जाएं.
अभिनेत्री ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें अपने बच्चों के भविष्य के लिए जो कुछ बचा है, उसकी रक्षा करने का कोई विकल्प नहीं था. तलाक और बच्चों की कस्टडी से जुड़े विवाद के बीच उन्होंने पीटर हाग के प्रति आभार भी जताया. सेलिना ने कहा कि वह अपने बेटों के जन्म और उनके साथ साझा जीवन के लिए हमेशा आभारी रहेंगी.
अपने बेटों को संबोधित करते हुए सेलिना ने लिखा, “मम्मी ने तुम्हें कभी नहीं छोड़ा.” उन्होंने कहा कि उनके साथ बिताया जीवन, उनका प्यार और भविष्य की संभावनाएं कोई नहीं मिटा सकता. अभिनेत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने बच्चों से कभी किसी एक पक्ष को चुनने के लिए नहीं कहा.
‘सिस्टर निवेदिता’ से वापसी
काम के मोर्चे पर सेलिना जेटली करीब छह साल बाद हिंदी सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं. वह निर्देशक राम कमल मुखर्जी की फिल्म ‘सिस्टर निवेदिता’ में नजर आएंगी. फिल्म मार्गरेट नोबल की कहानी पर आधारित है, जो आगे चलकर स्वामी विवेकानंद की समर्पित शिष्या सिस्टर निवेदिता के रूप में जानी गईं.
