‘चक दे इंडिया’ में कोमल चौटाला का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री चित्रांशी रावत छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शामिल होने रायपुर पहुंचीं. उन्होंने कहा कि फिल्म को रिलीज हुए कई साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी लोग उन्हें कोमल चौटाला के नाम से पहचानते हैं. उनके मुताबिक, रायपुर में हॉकी लीग के बीच खड़े होने की वजह भी वही फिल्म है.
चित्रांशी ने कहा कि पहले राज्य स्तर पर इस तरह की हॉकी लीग नहीं होती थीं. अब ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में मंच और मौके मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई बच्चे खेलना चाहते हैं, लेकिन आगे बढ़ने के लिए सही प्लेटफॉर्म जरूरी है. राज्य स्तर से मिलने वाला अनुभव खिलाड़ियों को भविष्य में देश के लिए खेलने की दिशा में ले जा सकता है.
हॉकी से फिल्म तक पहुंचा सफर
चित्रांशी ने बताया कि उन्होंने चौथी कक्षा में हॉकी खेलना शुरू किया था. 12वीं कक्षा तक पहुंचते-पहुंचते वह ‘चक दे इंडिया’ का हिस्सा बन चुकी थीं. उन्होंने कहा कि हॉकी और फिल्म उनके जीवन में एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं—हॉकी ने उन्हें फिल्म तक पहुंचाया और फिल्म ने उन्हें व्यापक पहचान दी.
उन्हें फिल्म में भूमिका मिलने का मौका मध्य प्रदेश के जबलपुर में जूनियर नेशनल के दौरान मिला. वह वहां हॉकी खेलने गई थीं, उसी दौरान निर्देशक शिमित अमीन ने उनका ऑडिशन लिया. चयन के बाद वह धीरे-धीरे फिल्म का हिस्सा बन गईं. हालांकि अब वह हॉकी नहीं खेलतीं. उन्होंने बताया कि उनके साथ कैंप करने वाली कई खिलाड़ी आगे चलकर भारतीय टीम के लिए खेलीं और कुछ कप्तान भी बनीं.
बस्तर के पर्यटन को बढ़ावा देने की बात
उत्तराखंड से आने वाली चित्रांशी ने कहा कि उन्हें समुद्र की तुलना में पहाड़ और जंगल अधिक पसंद हैं. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ उनका ससुराल है और वह बस्तर को अच्छी तरह घूम चुकी हैं. यहां उन्होंने फिल्मों की शूटिंग भी की है.
उनके अनुसार, छत्तीसगढ़ में खूबसूरत झरने और जंगल हैं, लेकिन देश के बहुत से लोग राज्य को पर्यटन की नजर से नहीं देख पाए हैं. उन्होंने कहा कि बस्तर को लेकर लोगों के मन में बनी धारणाओं की एक वजह यह भी है कि उन्हें यहां की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों की पर्याप्त जानकारी नहीं है. उन्होंने लोगों से छत्तीसगढ़ और बस्तर घूमने की अपील की.
