दिल्ली हाई कोर्ट ने सनी देओल की आगामी हिंदी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है. फिल्म को 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना है.
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने कहा कि इसी मुद्दे से जुड़ी एक अन्य रिट याचिका पहले से ही हाई कोर्ट के एकल न्यायाधीश के समक्ष लंबित है. इसलिए अलग से कार्यवाही शुरू करने का कोई कारण नहीं है.
पीठ ने याचिकाकर्ताओं को लंबित मामले की कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति दी. साथ ही, उन्हें संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपना अभ्यावेदन आगे बढ़ाने की स्वतंत्रता भी दी गई.
यह जनहित याचिका डॉक्टर नचिकेता भाटिया और डॉक्टर ध्रुव चौहान ने दायर की थी. उनका आरोप था कि फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर निजी अस्पतालों के डॉक्टरों को भ्रष्ट दिखाता है और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा को उचित या वीरतापूर्ण ठहराता है. याचिकाकर्ताओं ने फिल्म के कुछ दृश्यों और संवादों की जांच कर कथित आपत्तिजनक हिस्सों को हटाने या उनमें बदलाव का निर्देश देने की मांग की थी.
पहले से लंबित है दूसरी याचिका
2 नवंबर को एकल न्यायाधीश ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर डॉक्टरों की ओर से दाखिल याचिका पर जवाब मांगा था. इस मामले की अगली सुनवाई 16 नवंबर को सूचीबद्ध है.
सुनवाई के दौरान केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की ओर से कहा गया कि फिल्म को अभी प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया है और प्रमाणन प्रक्रिया लंबित है. बोर्ड की ओर से यह भी कहा गया कि फिल्म मूल कहानी नहीं है, बल्कि पहले से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध दक्षिण भारतीय फिल्म का रीमेक है.
याचिकाकर्ताओं के वकील ने तर्क दिया कि टीजर की भाषा से यह संदेश जाता है कि मरीजों के रिश्तेदार डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों के खिलाफ हिंसा कर सकते हैं. हालांकि, इस जनहित याचिका के जरिए रिलीज पर रोक लगाने की मांग पर पीठ ने अलग से सुनवाई नहीं की.
