जापानी प्रकाशक Kodansha Ltd. ने Dentsu के साथ ऐसी साझेदारी की है, जिसके तहत अमेरिका क्षेत्र में एजेंसी के क्लाइंट्स को उसके एनीमे और मंगा बौद्धिक संपदा (IP) तक पहुंच मिलेगी. इस पोर्टफोलियो में ‘Attack on Titan’, ‘Ghost in the Shell’ और ‘Blue Lock’ जैसी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी शामिल हैं.
समझौते के तहत Dentsu उन ब्रांड्स के लिए केंद्रीय संपर्क बिंदु के रूप में काम करेगी, जो Kodansha की IP का इस्तेमाल प्रायोजन, ब्रांड टाई-इन कैंपेन, लाइव इवेंट और प्रशंसक-केंद्रित अनुभवों में करना चाहते हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह व्यवस्था अमेरिका क्षेत्र में ब्रांड्स और Kodansha की मनोरंजन संपत्तियों के बीच व्यावसायिक सहयोग को आसान बनाने के उद्देश्य से की गई है.
Dentsu अपनी जापानी बौद्धिक संपदा से जुड़ी शोध प्रणाली को Dentsu.Connect डेटा और आइडेंटिटी प्लेटफॉर्म में शामिल कर रही है. Kodansha का कैटलॉग इस एकीकरण से लाभ पाने वाली शुरुआती संपत्तियों में होगा.
Dentsu के शोध ‘Anime – A Growing Opportunity for Brands’ के अनुसार, अमेरिका में 36 प्रतिशत उपभोक्ता कम से कम हर सप्ताह एनीमे देखते हैं. शोध में एनीमे को ब्रांड्स के लिए बढ़ते अवसर के रूप में देखा गया है.
Dentsu की ग्लोबल इंटीग्रेटेड क्लाइंट पार्टनर Caroline Hughes ने कहा कि एनीमे अब सीमित प्रशंसक वर्ग तक रहने वाली चीज नहीं, बल्कि मुख्यधारा की सांस्कृतिक घटना बन चुका है. Kodansha के राइट्स मर्चेंडाइजिंग विभाग के निदेशक Moriguchi Tomoki ने कहा कि यह साझेदारी अमेरिका में प्रशंसकों के लिए नए अनुभव और व्यावसायिक अवसर बनाने में मदद करेगी.
Dentsu की स्थापना 1901 में टोक्यो में हुई थी और कंपनी के अनुसार उसका नेटवर्क 120 देशों और क्षेत्रों में मौजूद है.
