अभिनेता देव शर्मा ने बताया है कि उन्हें ‘आदिपुरुष’ और नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में लक्ष्मण की भूमिका के लिए चुना नहीं गया था. उनके मुताबिक, दोनों फिल्मों में उनके लुक टेस्ट लगभग अंतिम चरण तक पहुंच गए थे, लेकिन कद-काठी को लेकर बात नहीं बनी.

एक ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में देव ने कहा कि नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में वह भगवान राम की भूमिका निभाने वाले रणबीर कपूर से करीब दो इंच लंबे थे. वहीं, ‘आदिपुरुष’ में उनकी कद-काठी राम की भूमिका निभा रहे प्रभास जैसी ही भारी थी. अभिनेता ने कहा कि इसी वजह से उन्हें अंतिम रूप से कास्ट नहीं किया गया.

देव ने बताया कि लगातार दो प्रोजेक्ट्स से बाहर होने के बाद उन्हें लगा कि शायद रामायण से उनका जुड़ाव नहीं है. हालांकि, बाद में उन्हें ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में भगवान राम की भूमिका मिली. उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था, लेकिन पिता के समझाने पर स्क्रिप्ट सुनी और फिर फिल्म करने के लिए तैयार हुए.

‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में अंजलि अरोड़ा सीता की भूमिका में हैं और फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. ‘रामायण’ में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं.