रायपुर जिले के धरसीवां क्षेत्र के कपसदा गांव में तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से पांच साल की बच्ची की मौत हो गई. हादसा गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ, जब बच्ची घर के सामने सड़क किनारे खेल रही थी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया.

मृत बच्ची की पहचान हेमा यादव के रूप में हुई है. वह अपने पिता भीम यादव के परिवार के साथ तिल्दा नेवरा में रहती थी और भाई दूज के अवसर पर अपनी मां के साथ कपसदा स्थित मामा मनहरण यादव के घर आई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, तिवरैया की ओर से तिल्दा नेवरा जा रहे ट्रेलर ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया. ट्रेलर का नंबर CG 04 ME 0829 बताया गया है. गंभीर रूप से घायल बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी. दोपहर 3 बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन समाचार लिखे जाने तक जारी था. चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ.

ग्रामीणों का कहना है कि तिवरैया-सिलयारी-तिल्दा नेवरा मार्ग पर औद्योगिक गतिविधियों और भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से हादसों का खतरा बढ़ गया है. सिलयारी में रेलवे साइडिंग और आसपास की औद्योगिक इकाइयों के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों की संख्या बढ़ी है.

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और गांवों से गुजरने वाली सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.