दिलजीत दोसांझ के 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए कॉन्सर्ट से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. इनमें युवकों का एक समूह आपस में धक्का-मुक्की और मारपीट करता दिखाई दे रहा है.

वीडियो में कुछ युवक एक-दूसरे को लात मारते और धक्का देते नजर आते हैं. स्थिति बिगड़ने पर कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया और युवकों को अलग किया. फिलहाल हाथापाई शुरू होने की वजह स्पष्ट नहीं है.

कार्यक्रम से जुड़े एक अन्य वीडियो में एक व्यक्ति को ई-सिगरेट पीते हुए देखा गया. रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉन्सर्ट स्थल पर सिगरेट, ई-सिगरेट, वेप, लाइटर, तंबाकू उत्पाद और नशीले पदार्थों समेत कई वस्तुओं को ले जाने पर रोक थी.

अहमदाबाद कॉन्सर्ट के बाद दिलजीत दोसांझ ने अपने कुछ गानों पर आपत्तियों और पाबंदियों को लेकर भी सवाल उठाए थे. उन्होंने इसे दोहरे मानदंड से जोड़ते हुए विदेशी कलाकारों के कार्यक्रमों का उदाहरण दिया. हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रही मारपीट को लेकर आयोजकों या पुलिस की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.