गायक दिलजीत दोसांझ के 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले संगीत कार्यक्रम से पहले कुछ गीतों और मंचीय प्रस्तुति को लेकर आपत्ति दर्ज की गई है. अहमदाबाद के जिला बाल संरक्षण अधिकारी (DCPO) ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर कार्यक्रम में चार गाने नहीं बजाने को सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है.
यह पत्र चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर की शिकायत के बाद 5 नवंबर को भेजा गया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ गीत शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों से जुड़ी संस्कृति को बढ़ावा देते हैं. जिन गीतों का उल्लेख किया गया है, उनमें ‘Patiala Pegg’, ‘5 Taara Theeke’, ‘Jeeb Vicho Feem Labbiya’ और ‘Jatt Uthe Fire Karda Jithe Pabandi Hathiyara Di’ शामिल हैं.
DCPO के पत्र में केंद्र के नशा मुक्त भारत अभियान का हवाला देते हुए कहा गया है कि शराब और नशीले पदार्थों के सेवन का महिमामंडन करने वाले गीतों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, भले ही उनके बोलों में बदलाव किया जाए. पत्र में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की 22 जुलाई 2019 की टिप्पणी का भी उल्लेख है, जिसमें शराब, ड्रग्स और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गीतों पर लाइव कार्यक्रमों के दौरान भी नियंत्रण की बात कही गई थी.
शिकायत में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है. अधिकारियों से बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने, तेज आवाज और तेजी से चमकती रोशनी से जुड़े संभावित जोखिमों पर ध्यान देने का अनुरोध किया गया है. पत्र में 120 डेसिबल से अधिक ध्वनि और तेज फ्लैश लाइट्स से सुनने की क्षमता को नुकसान तथा दौरे पड़ने का जोखिम होने की आशंका व्यक्त की गई है.
इसके अलावा, दोसांझ से छाती पर पहनी जाने वाली दो क्रॉस्ड सिल्वर बुलेट बेल्ट या नकली धातु के कारतूसों वाली पोशाक से बचने का अनुरोध किया गया है. शिकायतकर्ता ने इसे हथियार संस्कृति के महिमामंडन से जोड़ा है.
इसी तरह की आपत्तियां इंदौर में 15 नवंबर के कार्यक्रम से पहले भी उठाई गई थीं. नवंबर 2024 के अहमदाबाद कार्यक्रम में दोसांझ ने गुजरात में शराबबंदी का हवाला देते हुए शराब से जुड़े गीत नहीं गाए थे—ऐसा मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया था.
