दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर के दिल्ली कॉन्सर्ट को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाएं रात 12 बजे तक बढ़ाने का फैसला किया है. यह व्यवस्था जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम में होने वाले ‘Aura India Tour 2026’ कार्यक्रम के लिए की गई है.
DMRC के अनुसार, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और रैपिड मेट्रो, गुरुग्राम को छोड़कर बाकी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेंगी. कार्यक्रम के बाद यात्रियों की वापसी को सुचारु बनाने के लिए नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेन फेरे चलाए जाएंगे. जरूरत पड़ने पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में स्टैंडबाय ट्रेनें भी तैनात की जा सकेंगी.
स्टेशन पर अतिरिक्त प्रबंध
जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन और प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारी, ग्राहक सेवा कर्मी और कस्टमर फैसिलिटेशन एजेंट तैनात किए जाएंगे. जेएलएन स्टेडियम स्टेशन पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने तथा डोर-फ्रेम मेटल डिटेक्टर व अतिरिक्त जांच की व्यवस्था भी की जाएगी.
DMRC ने अपने ‘Delhi Metro Sarthi’ ऐप पर QR टिकट खरीदने का समय भी एक घंटे बढ़ाने की बात कही है. स्टेडियम के सबसे नजदीक वायलेट लाइन का जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन है. अनुमान है कि कार्यक्रम में करीब 70,000 दर्शक पहुंच सकते हैं.
