तेलुगु फिल्म ‘G.O.A.T’ (Greatest Of All Time) के प्री-रिलीज कार्यक्रम में अभिनेत्री दिव्या भारती भावुक हो गईं. हैदराबाद में हुए इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने फिल्म के निर्माता चंद्रशेखर रेड्डी मोगुल्ला के संघर्ष और प्रोजेक्ट को पूरा करने में उनके सहयोग को याद किया. भावुक होने पर कार्यक्रम में मौजूद टीम के कुछ सदस्यों और एंकर ने उन्हें संभाला और पानी दिया.
दिव्या भारती ने कहा कि वह पिछले दो साल से इस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रही थीं. उन्होंने फिल्म को अपने करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया. अभिनेत्री के मुताबिक, यह सिर्फ मनोरंजन आधारित फिल्म नहीं है, बल्कि गांवों में ऑनलाइन बेटिंग और जुए से जुड़ी समस्या पर भी संदेश देती है.
निर्माता चंद्रशेखर रेड्डी का जिक्र करते हुए दिव्या ने कहा कि फिल्म के रिलीज तक पहुंचने का श्रेय उन्हें जाता है. उनके अनुसार, निर्माता को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने प्रोजेक्ट पूरा करने में समझौता नहीं किया. दिव्या ने फिल्म से अपने भावनात्मक जुड़ाव की बात कहते हुए इसके सफल होने की उम्मीद जताई.
कार्यक्रम में निर्देशक वेदव्यास ने ऑनलाइन बेटिंग के बढ़ते असर पर बात की. उन्होंने कहा कि इस वजह से लाखों लोगों को नुकसान हुआ है और फिल्म एक गांव के बेटिंग तथा जुए के खिलाफ संघर्ष की कहानी दिखाती है.
फिल्म में सुडिगली सुधीर मुख्य भूमिका में हैं और दिव्या भारती महिला प्रधान किरदार निभा रही हैं. कार्यक्रम में अभिनेता मंचु मनोज और निर्माता निरंजन रेड्डी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए. सुधीर ने फिल्म को सिनेमाघरों तक पहुंचाने के लिए निर्माता का आभार जताया.
‘G.O.A.T’ का निर्देशन वेदव्यास ने किया है, जबकि मणि शर्मा ने संगीत दिया है. फिल्म को Asian Cinemas प्रस्तुत कर रहा है और यह 12 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
