एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स ने यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग (ETPL) का पहला खिताब जीत लिया है. मलाहाइड में खेले गए फाइनल में टीम ने बेलफास्ट वूल्व्स को सात विकेट से हराया. बेलफास्ट के 150 रन के जवाब में एडिनबर्ग ने 18.4 ओवर में 151/3 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम किया.

एडिनबर्ग के कप्तान मिशेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. ट्रेंट बोल्ट ने पॉल स्टर्लिंग को आठ रन पर आउट कर टीम को शुरुआती सफलता दिलाई. इसके बाद टिम टैक्टर ने पारी संभाली. उन्होंने 62 गेंदों पर 84 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे.

टैक्टर ने डेवॉन कॉनवे के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की. कॉनवे ने 24 गेंदों पर 29 रन बनाए, लेकिन जे जे स्मट्स ने उन्हें आउट कर दिया. इसके बाद मार्क वॉट ने ग्लेन मैक्सवेल को तीन रन पर पवेलियन भेजा और बोल्ट ने लॉर्कन टकर को छह रन पर आउट किया. एक समय बेलफास्ट का स्कोर 105/4 था.

टैक्टर के साथ हैरी मैनेंटी ने नाबाद 16 रन जोड़े. पारी की आखिरी गेंद पर टॉम करन ने टैक्टर को आउट किया और बेलफास्ट 150/5 तक पहुंचा. बोल्ट ने चार ओवर में दो विकेट लिए, जबकि वॉट और स्मट्स को भी एक-एक सफलता मिली.

गॉस ने संभाली एडिनबर्ग की रनचेज

एडिनबर्ग ने लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज शुरुआत की. रॉस अडैर ने 14 गेंदों पर 23 रन बनाए, लेकिन मार्क अडैर ने उन्हें विकेट के पीछे कैच करा दिया. स्मट्स 15 रन बनाकर आउट हुए और 10 ओवर के बाद एडिनबर्ग का स्कोर 79/2 था.

इसके बाद एंड्रीस गॉस ने पारी को पूरी तरह नियंत्रित किया. उन्होंने 61 गेंदों पर नाबाद 90 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल थे. ब्रैंडन मैकमुलेन ने 12 गेंदों पर 17 रन बनाए, जबकि सैंटनर ने गॉस का साथ देते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया.

गॉस ने मैच के बाद कहा कि फाइनल जीत में योगदान देना उनके लिए खास था. उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत के बाद बड़ी पारी नहीं बना पा रहे थे, इसलिए इस मैच में उनका लक्ष्य अंत तक टिके रहना था.

एडिनबर्ग के मुख्य कोच ट्रेवर बेलिस ने टीम के प्रदर्शन और खिलाड़ियों के आपसी तालमेल की तारीफ की. सह-मालिक काइल मिल्स ने भी टीम की संस्कृति, शांत माहौल और स्थानीय खिलाड़ियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया. सात विकेट की इस जीत के साथ एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स ETPL की पहली चैंपियन टीम बन गई.