अभिनेता फैसल मलिक ने फिल्म ‘रामायण’ में कुंभकर्ण का किरदार निभाने के अपने अनुभव के बारे में बात की है. फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश प्रमुख भूमिकाओं में हैं. फैसल ने बताया कि यह सामान्य अभिनय वाली फिल्म नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर VFX पर आधारित प्रोजेक्ट है.
उनके मुताबिक, इस फिल्म के लिए उन्हें अभिनय के पारंपरिक तरीकों को कुछ हद तक छोड़कर नई तकनीक और शूटिंग प्रक्रिया के अनुसार खुद को ढालना पड़ा. उन्होंने कहा कि टीम ने कलाकारों को खास तरीके से प्रशिक्षित किया था और उस प्रशिक्षण का पालन करना बेहद जरूरी था.
यश के साथ दृश्यों की शूटिंग अलग-अलग हुई
फैसल मलिक ने बताया कि फिल्म के कई हिस्सों की शूटिंग अलग-अलग की गई. कुंभकर्ण और रावण के बीच महत्वपूर्ण दृश्यों के लिए भी उन्हें तकनीकी निर्देशों के अनुसार काम करना पड़ा. उन्होंने एक दृश्य का उदाहरण देते हुए कहा कि रावण को कुंभकर्ण के हाथ पर चलते हुए उसे आशीर्वाद देते दिखाया गया है. इस दृश्य को आंखों, चेहरे और शरीर की गतिविधियों का ध्यान रखते हुए अलग-अलग शूट किया गया.
अभिनेता ने इस प्रक्रिया की तुलना ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ और ‘अवतार’ जैसी फिल्मों की मेकिंग से की. उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा में निकट भविष्य में शायद ही इससे अधिक भव्य स्तर का काम देखने को मिले.
फिल्म के VFX पर उठ रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए फैसल ने कहा कि एक दृश्य पर हजारों लोग, विदेशी क्रू और कई टीमें लंबे समय तक काम करती हैं. उन्होंने कहा कि किसी दृश्य को आसानी से ‘AI’ कह देना उचित नहीं है, क्योंकि बहुत से लोग CGI और AI के बीच का अंतर नहीं समझते.
फैसल जल्द ही ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन में प्रह्लाद चा के रूप में भी नजर आएंगे. यह सीजन 3 दिसंबर को Amazon Prime Video पर रिलीज होने की जानकारी दी गई है.
