फिल्ममेकर फराह खान ने पैपराजी से बातचीत के दौरान महिला हस्तियों की तस्वीरें सम्मानजनक तरीके से लेने की अपील की. मुंबई में स्पॉट किए जाने पर उन्होंने फोटोग्राफर्स को सलमान खान की हालिया टिप्पणी याद दिलाई और कैमरा दूसरी ओर करने को कहा.
फराह खान ने फोटोग्राफर्स से पूछा कि वे वहां क्यों आए हैं. जब उन्होंने तस्वीरें लेने की बात कही, तो फराह ने उन्हें पीछे से तस्वीरें नहीं लेने की हिदायत दी. उन्होंने कहा, “सलमान भाई ने बोला ना पीछे से नहीं लेने का, टर्न करो, टर्न करो.”
सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ में उठाया था मुद्दा
इससे कुछ दिन पहले ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में सलमान खान ने महिला कलाकारों की अनुचित एंगल से तस्वीरें लेने वाले फोटोग्राफर्स की आलोचना की थी. उन्होंने कहा था कि पुराने और स्थापित पैपराजी आम तौर पर मर्यादा का ध्यान रखते हैं, लेकिन कुछ नए या असंबद्ध लोग मोबाइल फोन और कैमरों के साथ आकर सीमाएं पार कर देते हैं.
सलमान खान ने यह भी कहा था कि पैपराजी को ऐसे लोगों को वहां से हटाना चाहिए, क्योंकि केवल कैमरा लेकर किसी भी जगह पहुंच जाना उचित नहीं है. अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने भी इस मुद्दे को उठाने के लिए सलमान की सराहना की थी.
सलमान की टिप्पणी के बाद उन्हें मंगलवार देर रात एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो पहुंचते समय पैपराजी के लिए पोज देते देखा गया. रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कुछ देर रुककर तस्वीरें खिंचवाईं और फिर स्टूडियो के अंदर चले गए.
