आगामी फिल्म ‘Fauzi’ में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के ऐतिहासिक चित्रण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. नेताजी के ग्रैंडनेफ्यू चंद्र कुमार बोस ने फिल्म के निर्देशक पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाते हुए माफी की मांग की है. फिल्म में प्रभास मुख्य भूमिका में हैं.
चंद्र कुमार बोस ने कहा कि फिल्मकारों को स्वतंत्रता संग्राम और उसके नेताओं को पर्दे पर दिखाने की रचनात्मक स्वतंत्रता है, लेकिन यह स्वतंत्रता ऐतिहासिक तथ्यों से ऊपर नहीं हो सकती. उनके मुताबिक, राष्ट्रीय नायकों से जुड़े तथ्यों को विकृत करना और उसमें काल्पनिक बातें जोड़ना गंभीर बात है.
हिटलर से मुलाकात पर आपत्ति
चंद्र कुमार बोस के अनुसार, नेताजी ने भारत की आजादी के लिए समर्थन हासिल करने के उद्देश्य से एडॉल्फ हिटलर और जापान के हिदेकी तोजो से संपर्क किया था. उन्होंने दावा किया कि नेताजी फासीवाद के समर्थक नहीं थे और लोकतंत्र तथा जनता के अधिकारों में विश्वास रखते थे.
उन्होंने यह भी कहा कि नेताजी ने हिटलर से बराबरी के स्तर पर मुलाकात की थी, किसी अधीनस्थ की तरह नहीं. उनके मुताबिक, हिटलर ने नेताजी की देशभक्ति को पहचाना और उनकी मदद के लिए सहमति दी, जिसमें वह पनडुब्बी भी शामिल थी, जिसके जरिए नेताजी दक्षिण-पूर्व एशिया पहुंचे.
चंद्र कुमार बोस ने हिटलर की किताब ‘Mein Kampf’ में भारत को लेकर व्यक्त विचारों को भी अपर्याप्त समझ का परिचायक बताया. उन्होंने कहा कि हिटलर ने बाद में तानाशाही और अहंकार का रास्ता अपनाया.
फिल्म के ट्रेलर को लेकर भी आपत्ति जताई गई है. आरोप है कि इसमें नेताजी को प्रभास के किरदार को हिटलर से मिलवाते हुए दिखाया गया है, जिससे ऐतिहासिक व्यक्तित्व का कद कमतर दिखाई देता है. ‘Fauzi’ का लेखन और निर्देशन हनु राघवपुड़ी ने किया है.
