छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई क्षेत्र में तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया. गंडई-धामधा मार्ग के दनिया नाले में तेज बहाव के कारण रायपुर से घूमने निकले पांच दोस्तों की कार बहने लगी. कार में तीन युवक और दो युवतियां सवार थीं.
घटना शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे की बताई गई है. कार सवार दनिया नाला पार करने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार पानी के तेज बहाव में बहने लगी. रात का अंधेरा और बढ़ता पानी होने से कार में फंसे लोगों की स्थिति गंभीर हो गई.
पुलिस ने नाले में उतरकर किया बचाव
सूचना मिलने के बाद गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ करीब 2:30 बजे मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे पांचों लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला. बचाए गए लोगों की पहचान कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे के रूप में बताई गई है.
घटना के बाद पांचों दोस्तों ने थाना प्रभारी और पुलिस टीम का आभार जताया. ग्राम दनिया के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी बचाव कार्रवाई की सराहना की. जनपद पंचायत छुईखदान के सभापति सुधीर गोलछा और ग्राम सरपंच मंगरू राम साहू ने पुलिस टीम को बधाई दी.
