अभिनेता गुलशन देवैया ने अपनी पांचवीं कक्षा से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा किया है. यह घटना उस समय की है, जब उनकी कक्षा में एक छात्र ने दूसरे बच्चे को अंग्रेजी में गाली दी थी. हालांकि, उसने गाली का गलत उच्चारण करते हुए ‘ब्लडी बास्केट’ कहा था.
गुलशन ने बताया कि जिस बच्चे को यह बात कही गई, उसने इसकी शिकायत अपनी क्लास टीचर से कर दी. कॉन्वेंट स्कूल होने के कारण शिक्षक ने अंग्रेजी में ही छात्र को डांटा और स्कूल में मर्यादा बनाए रखने की बात कही.
अभिनेता के मुताबिक, वह शिक्षक की डांट सुन रहे थे और उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है. उन्होंने हाथ उठाकर शिक्षक से कहा कि ‘ब्लडी बास्केट’ कोई गाली नहीं है और सही शब्द ‘ब्लडी बास्टर्ड’ है. इस पर शिक्षक चौंक गईं और उन्होंने गुलशन को अपनी जगह बैठ जाने के लिए कहा.
गुलशन ने बताया कि वह अपनी बात को लेकर इतने आश्वस्त थे क्योंकि उन्होंने यह शब्द फिल्मों और वास्तविक जीवन में सुना था. उन्हें याद था कि उनके पिता ने भी कभी ट्रैफिक जाम के दौरान ऐसा शब्द इस्तेमाल किया था. उस समय उन्हें ‘बास्टर्ड’ शब्द का अर्थ नहीं पता था.
इसके बाद उन्होंने घर जाकर अपनी मां से पूछा कि इनमें से कौन-सा शब्द गाली है. मां ने उन्हें सलाह दी कि स्कूल में ऐसी बातें न किया करें और शिक्षक जो कहें, बस उसे मान लिया करें. गुलशन ने कहा कि कई साल बाद उन्हें उस शब्द का अर्थ समझ आया और तब उन्हें एहसास हुआ कि शिक्षक और बाकी लोग असहज क्यों हो गए थे.
यह किस्सा उन्होंने फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ के ट्रेलर लॉन्च से जुड़े संवाद में साझा किया. फिल्म 23 अक्टूबर को रिलीज हुई है और इसकी कहानी एक छोटे बच्चे के इस सवाल के इर्द-गिर्द है कि बच्चे दुनिया में कैसे आते हैं.
