गुरुग्राम के एक युवक पर मुंबई के 21 वर्षीय छात्र से 24.60 लाख रुपये की कथित ठगी करने का आरोप है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी ने खुद को छात्र काउंसलर बताकर छात्र का भरोसा जीता और बाद में ऑनलाइन परीक्षा में नकल का आरोप लगाकर उससे रकम वसूली. पुलिस ने आरोपी को 11 सितंबर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्र एक प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान के डिस्टेंस-लर्निंग MBA (फाइनेंस) कार्यक्रम में दाखिला ले रहा था. इसी दौरान उसकी मुलाकात जुहू के एक कैफे में आरोपी से हुई. आरोपी ने दाखिले की औपचारिकताएं पूरी कराने में मदद की, जिसके बाद छात्र उसे भरोसेमंद मानने लगा.

कुछ महीने बाद ऑनलाइन परीक्षा के दौरान छात्र के डिवाइस पर कॉपी करने का अलर्ट आया. छात्र ने आरोपी को फोन कर सफाई दी कि उसने नकल नहीं की है. परीक्षा के अंतिम दिन फिर ऐसा ही अलर्ट आया और एप्लिकेशन क्रैश हो गया. इसके बाद आरोपी ने छात्र को कथित तौर पर डराया कि उसे परीक्षा से वंचित कर ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है और भविष्य में किसी विश्वविद्यालय में दाखिला नहीं मिलेगा.

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मामला सुलझाने के नाम पर पैसे मांगे और रकम वापस करने का वादा किया. छात्र ने किस्तों में 24.60 लाख रुपये ट्रांसफर किए, जिनमें से केवल 1.15 लाख रुपये लौटाए गए. परीक्षा पास करने के बाद भी जब पैसे की मांग जारी रही, तो छात्र को ठगी का संदेह हुआ. उसने परिवार को जानकारी दी और इस महीने की शुरुआत में बंगुर नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.

पुराने कॉल सेंटर डेटाबेस से नंबर मिलने का दावा

पुलिस ने फोन रिकॉर्ड और पैसों के लेन-देन की जानकारी के आधार पर आरोपी का पता लगाया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पहले उस कॉल सेंटर में काम करता था जिसे संस्थान ने दाखिले और काउंसलिंग के लिए नियुक्त किया था. पुलिस का दावा है कि उसने वहीं से छात्र का नंबर हासिल किया. उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ‘Pritam And Pedro’ वेब सीरीज में विक्रांत मैसी के निभाए गए किरदार से प्रेरित था और सोशल इंजीनियरिंग व पहचान की नकल के जरिए छात्र को ठगना चाहता था. मामले में आरोपों की जांच जारी है.