आगामी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ में सैफ अली खान का एक अलग और हल्का-फुल्का अंदाज देखने को मिलेगा. फिल्म के गाने ‘रंगियारा’ से जुड़े नए फ्रेम निर्माताओं ने जारी किए हैं, जिनमें सैफ स्थानीय फेरी पर गिटार बजाते नजर आ रहे हैं. तस्वीरों में वह आसपास मौजूद लोगों के साथ गाते और डांस करते भी दिखाई देते हैं.
इन तस्वीरों से फिल्म के उस हिस्से की झलक मिलती है, जिसमें गंभीर कहानी के बीच संगीत, रंग और उत्सव का माहौल दिखाई देगा. प्रोडक्शन हाउस KVN Productions ने सोशल मीडिया पर ये फ्रेम साझा किए. पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा गया, “बस एक सफर, और कुछ रंग जिंदगी के.”
‘हैवान’ में सैफ और अक्षय की जोड़ी
‘हैवान’ में सैफ अली खान और अक्षय कुमार लंबे अंतराल के बाद एक साथ नजर आएंगे. दोनों ने इससे पहले 2008 में आई फिल्म ‘टशन’ में साथ काम किया था. फिल्म को मलयालम ब्लॉकबस्टर ‘ओप्पम’ का रीमेक बताया गया है.
कहानी में सैफ एक दृष्टिबाधित व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जो एक बच्चे की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाता है. वहीं, अक्षय कुमार का किरदार एक ऐसे व्यक्ति का है, जिसे एक अपराध के लिए गलत तरीके से आरोपी बनाकर जेल भेज दिया जाता है. रिहाई के बाद वह बदले की राह पर निकलता है और इसी टकराव के बीच सैफ का किरदार बच्चे को बचाने की कोशिश करता है.
11 सितंबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म में बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं. ‘हैवान’ का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है. इसका निर्माण वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने KVN Productions और Thespian Films के बैनर तले किया है.
निर्माताओं के अनुसार, फिल्म 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. ‘रंगियारा’ के नए फ्रेम रिलीज से फिल्म के एक्शन और गंभीर ड्रामा से अलग उसके अधिक रंगीन पक्ष की झलक सामने आई है.
