अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपने दिवंगत पति और दिग्गज अभिनेता धमेंद्र को उनकी पहली पुण्यतिथि पर भावुक श्रद्धांजलि दी. उन्होंने साथ बिताए पलों की तस्वीरों का एक कोलाज साझा करते हुए कहा कि एक साल बीत जाने के बाद भी उनके दुख की तीव्रता कम नहीं हुई है.
अपने संदेश में हेमा मालिनी ने धमेंद्र को केवल पति नहीं, बल्कि अपना मित्र, दार्शनिक और मार्गदर्शक बताया. उन्होंने लिखा कि धमेंद्र उनकी ‘रीढ़’ और संक्षेप में उनका ‘पूरा अस्तित्व’ थे. उन्होंने यह भी कहा कि उनके बिना जीवन खाली-खाली लगता है.
हेमा मालिनी ने धमेंद्र की शख्सियत और उनके स्वभाव को याद करते हुए उनकी सहज अच्छाई, गर्मजोशी और जड़ों से जुड़े रहने की भावना का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि बड़ी सफलता हासिल करने के बावजूद धमेंद्र जमीन से जुड़े रहे और अपने आसपास के लोगों तक अपना स्नेह पहुंचाते थे.
उन्होंने अपने संदेश में भगवद्गीता की उस मान्यता का भी जिक्र किया कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है. हालांकि, उन्होंने कहा कि वह इस जीवन में धमेंद्र की प्रेमपूर्ण मौजूदगी को अब भी बहुत याद करती हैं.
हेमा मालिनी ने उन प्रशंसकों का आभार जताया, जिन्होंने धमेंद्र को याद किया और उनके लिए गर्मजोशी भरे संदेश भेजे. श्रद्धांजलि के बाद प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने भी अभिनेता को याद किया और हिंदी सिनेमा में उनके योगदान को रेखांकित किया.
हेमा मालिनी और धमेंद्र ने ‘शोले’, ‘सीता और गीता’ और ‘ड्रीम गर्ल’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था. धमेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को हुआ था. छह दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने हिंदी सिनेमा के प्रमुख सितारों में अपनी पहचान बनाई और कई यादगार भूमिकाएं निभाईं.
