अभिनेता ऋतिक रोशन ने अपनी मां पिंकी रोशन के 73वें जन्मदिन पर सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दीं. ऋतिक ने इंस्टाग्राम पर पिंकी की दो तस्वीरें साझा कीं और उनके लिए एक भावुक संदेश लिखा.
ऋतिक ने अपनी पोस्ट में पिंकी को बेहद ऊर्जावान और खुशमिजाज बताया. उन्होंने लिखा कि जब किसी ने उनसे पूछा कि पार्टी कहां है, तो उनका जवाब था कि उनकी मां खुद ही पार्टी हैं. अभिनेता ने यह भी कहा कि पिंकी जिस कमरे में जाती हैं, उसमें रौनक भर देती हैं और उनके जैसी कोई दूसरी नहीं है.
ऋतिक की पोस्ट पर उनकी पूर्व पत्नी सुजैन खान ने भी पिंकी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. सुजैन ने कमेंट में उन्हें प्यार जताते हुए आने वाले साल के लिए खुशियों और ऊर्जा की कामना की.
रोशन परिवार ने साझा किए भावुक संदेश
फिल्ममेकर राकेश रोशन ने भी अपनी पत्नी पिंकी के जन्मदिन पर उनकी एक तस्वीर साझा की. तस्वीर में पिंकी मुस्कुराती हुई नजर आईं. राकेश ने अपने संदेश में उन्हें एक और साल के साथ और भी खूबसूरत बताया और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.
पिंकी और राकेश की बेटी सुनैना रोशन ने भी अपनी मां के लिए भावुक नोट लिखा. सुनैना ने पिंकी को अपना सुरक्षित सहारा और सबसे अच्छी दोस्त बताया. उन्होंने कहा कि जीवन के हर अच्छे-बुरे दौर में उनकी मां उनके साथ खड़ी रही हैं और हमेशा उनका समर्थन करती रही हैं.
सुनैना ने यह भी लिखा कि उम्र बढ़ने के बावजूद उन्हें अपनी मां की जरूरत हमेशा रहेगी. उनके मुताबिक, पिंकी उनके लिए विश्वासपात्र, मार्गदर्शक और जीवनभर की सबसे करीबी दोस्त हैं. रोशन परिवार के इन संदेशों में पिंकी के साथ उनके गहरे पारिवारिक संबंध और स्नेह की झलक दिखाई दी.
