IFFI 2026 के चौथे दिन अभिनेता और एक्टिंग कोच सौरभ सचदेवा ने ‘What Stops You From Being An Actor’ विषय पर करीब दो घंटे की मास्टरक्लास की. इस दौरान उन्होंने अभिनय, आत्मविश्वास और किरदार में उतरने की अपनी प्रक्रिया के बारे में बात की.
एक प्रतिभागी ने जब घबराहट और आत्मविश्वास की कमी का जिक्र किया, तो सौरभ ने कहा कि वह भी कई बार किरदार में रहते हुए नर्वस महसूस करते हैं. उन्होंने बताया कि Animal के वायरल गाने ‘जमाल कुडू’ की शूटिंग के समय भी वह काफी घबराए हुए थे. उनके मुताबिक, अभिनेता को अपने आत्मविश्वास पर ध्यान देने के बजाय दृश्य में किए जाने वाले काम और कार्रवाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.
सौरभ ने कहा कि कई कलाकार खुद पर जरूरत से ज्यादा ध्यान देने लगते हैं, जबकि अभिनय के दौरान फोकस बाहर की ओर होना चाहिए. उन्होंने किरदार तैयार करने के लिए शरीर की मुद्रा, खासकर रीढ़ की स्थिति पर काम करने की बात भी कही. उनके अनुसार, नकारात्मक या मजेदार किरदार की शारीरिक बनावट अलग होनी चाहिए. सेट पर पहुंचते ही वह अपने किरदार की ‘स्पाइन’ और शारीरिकता को याद करते हैं.
उन्होंने Dhadak 2 में निभाए किरदार की तैयारी का उदाहरण भी साझा किया. सौरभ ने बताया कि शुरुआत में वह यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि उनका किरदार sociopath है या psychopath. स्क्रिप्ट को बार-बार पढ़ने और डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद उन्होंने उसे sociopath के रूप में समझा.
सौरभ के मुताबिक, हत्या के बाद किरदार दुखी होता है और तनाव महसूस करता है. इसी आधार पर उन्होंने उसे एक विरोधाभासी व्यक्तित्व के रूप में निभाया—वह हत्यारा है, लेकिन भीड़ में आम आदमी की तरह रहता है और उसके गुजरने पर लोग उसे आसानी से पहचान भी नहीं पाएंगे.
