IIFA 2026 में आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ सबसे सफल फिल्मों में रही. फिल्म ने बेस्ट फिल्म का पुरस्कार जीता, जबकि आदित्य धर को बेस्ट निर्देशक का सम्मान मिला. रणवीर सिंह ने ‘धुरंधर’ में अपने अभिनय के लिए बेस्ट अभिनेता का पुरस्कार हासिल किया.
आदित्य धर को फिल्म के लिए बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी, बेस्ट स्क्रीनप्ले और बेस्ट डायलॉग्स के पुरस्कार भी मिले. ‘धुरंधर’ ने तकनीकी श्रेणियों में भी मजबूत प्रदर्शन किया. विकाश नवलखा को बेस्ट सिनेमैटोग्राफी, शिवकुमार वी. पैनिकर को बेस्ट एडिटिंग और बिश्वदीप चटर्जी को बेस्ट साउंड डिजाइन का पुरस्कार मिला. शश्वत सचदेव को फिल्म के संगीत निर्देशन के लिए सम्मानित किया गया.
फिल्म के सहायक कलाकारों में संजय दत्त को ‘धुरंधर’ के लिए सपोर्टिंग रोल में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अक्षय खन्ना को निगेटिव रोल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार मिला.
अभिनेत्री श्रेणी में ‘सैयारा’ के लिए अनीत पड्डा को बेस्ट अभिनेत्री का पुरस्कार मिला. इसी फिल्म के टाइटल सॉन्ग के लिए इरशाद कामिल को बेस्ट लिरिक्स और फहीम अब्दुल्लाह को बेस्ट प्लेबैक सिंगर का सम्मान मिला. श्रेया घोषाल ने ‘सैयारा’ के रीप्राइज गीत के लिए महिला प्लेबैक सिंगर का पुरस्कार जीता.
‘होमबाउंड’ के लिए बशारत पीर, सुमित रॉय और नीरज घायवान को बेस्ट अडैप्टेड स्टोरी का पुरस्कार मिला. ‘आज़ाद’ की रशा थडानी और ‘सैयारा’ के अहान पांडे को क्रमशः बेस्ट फीमेल और बेस्ट मेल डेब्यू का सम्मान दिया गया.
डिजिटल पुरस्कारों में वेब सीरीज का प्रदर्शन
डिजिटल श्रेणी में Red Chillies Entertainment की ‘द बा***ड्स ऑफ बॉलीवुड’ को बेस्ट वेब सीरीज चुना गया. इस शो के लिए आर्यन खान को बेस्ट वेब सीरीज निर्देशन का पुरस्कार मिला. शो से जुड़ी अन्या सिंह और राघव जुयाल को क्रमशः सपोर्टिंग रोल में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और अभिनेता का सम्मान मिला.
डिजिटल पुरस्कारों में ‘बरामूला’ को बेस्ट पिक्चर और ‘स्टोलन’ के लिए करण तेजपाल को बेस्ट डायरेक्शन का पुरस्कार मिला. ‘पाताल लोक सीजन 2’ के लिए जयदीप अहलावत और तिलोत्तमा शोम को प्रमुख अभिनय सम्मान मिला. ‘द रोशन्स’ को बेस्ट डॉक्यूसीरीज/डॉक्यूफिल्म और ‘द ट्रेटर्स’ को बेस्ट रियलिटी/नॉन-स्क्रिप्टेड शो चुना गया.
