इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) ने निर्माता निखिल द्विवेदी, Saffron Magicworks Private Limited और Andolan Films Private Limited से जुड़े विवाद में बॉम्बे हाईकोर्ट के 23 अक्टूबर 2026 के आदेश को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है. एसोसिएशन ने उन रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स को खारिज किया है, जिनमें आदेश को IMPPA के लिए कानूनी झटका बताया गया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवाद IMPPA की Dispute Resolution Committee की ओर से 3 जुलाई 2026 को दिए गए एक अवॉर्ड से जुड़ा है. IMPPA का कहना है कि यह अवॉर्ड अदालत ने उसके गुण-दोष की जांच के बाद रद्द नहीं किया, बल्कि पक्षों की सहमति से अलग रखा गया.

एसोसिएशन के मुताबिक, जस्टिस अरिफ एस. डॉक्टर के समक्ष सुनवाई के दौरान IMPPA की समिति में मूल शिकायतकर्ता रहे Andolan Films के वकील ने सभी कानूनी अधिकार खुले रखते हुए अवॉर्ड हटाने पर सहमति दी. Saffron Magicworks ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया, जिसके बाद अदालत ने सहमति से अवॉर्ड रद्द करते हुए मुकदमे का निपटारा किया. IMPPA ने कहा कि आदेश में पक्षों के अधिकार, दावे और कानूनी उपाय सुरक्षित रखे गए हैं.

IMPPA के अनुसार, हाईकोर्ट ने मूल व्यावसायिक विवाद के गुण-दोष, समिति के अधिकार क्षेत्र, उसकी क्षमता या प्रक्रिया पर कोई निष्कर्ष नहीं दिया. एसोसिएशन ने यह भी कहा कि आदेश में उसके खिलाफ कोई प्रतिकूल टिप्पणी या निर्देश नहीं है.

IMPPA ने स्पष्ट किया कि Saffron Magicworks के खिलाफ उसका कोई स्वतंत्र मौद्रिक दावा नहीं है. मूल दावा Andolan Films का था, जो उचित मंच पर अपने कानूनी उपाय जारी रख सकती है. इसलिए आदेश को Saffron Magicworks की पूर्ण exoneration के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.

एसोसिएशन ने संबंधित कानूनी फर्म और प्रकाशन से अपनी पोस्ट्स व रिपोर्ट्स में सुधार करने का अनुरोध किया है. साथ ही, IMPPA ने कहा कि वह अपने विवाद समाधान तंत्र को जारी रखेगी और दोनों प्रोडक्शन हाउस के लंबित विवाद पर आगे टिप्पणी से बचेगी.