अभिनेता इमरान खान को मुंबई के फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने कारण बताओ नोटिस भेजा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नोटिस में उनके Overseas Citizen of India (OCI) कार्ड को रद्द करने की कार्रवाई पर जवाब मांगा गया है. इमरान को 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, FRRO ने इससे पहले इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया था. इस निर्देश और कारण बताओ नोटिस को इमरान ने बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी है. उनकी याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की गई है.

याचिका एडवोकेट जुल्फिकार मेमन, परवेज मेमन और चिराग नायक ने MZM Legal LLP की ओर से दायर की है. इसमें FRRO के फैसले पर अंतरिम रोक लगाने, कार्रवाई का आधार बने रिकॉर्ड पेश करने और नोटिस रद्द करने की मांग की गई है. रिपोर्ट के अनुसार, याचिका पर सोमवार को तत्काल सुनवाई हो सकती है.

याचिका में दावा किया गया है कि नोटिस में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इमरान ने किस प्रावधान का, कब और किस तरह उल्लंघन किया. इसमें यह भी कहा गया है कि FRRO ने उन्हें केवल अमेरिकी नागरिक के रूप में देखा और OCI धारक के तौर पर भारत में लंबे समय से रहने के अधिकार पर विचार नहीं किया.

इमरान खान 10 अक्टूबर 2026 को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रदर्शन में मौजूद थे. रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुआ था. भाजपा नेता किरीट सोमैया की शिकायत के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू होने की बात कही गई है.

याचिका में यह भी दावा किया गया है कि प्रदर्शन से जुड़े मामले में दर्ज FIR अभी आरोपपत्र दाखिल होने के चरण तक नहीं पहुंची है और इमरान ने बैरिकेड नहीं तोड़े थे. इन दावों पर अंतिम निर्णय अदालत और संबंधित प्राधिकरणों की प्रक्रिया के बाद होगा.