भारत के राष्ट्रीय पवेलियन ने 61वें वेनिस आर्ट बिएनाले में Best National Participation के लिए Visitors’ Lion जीता है. यह पुरस्कार पारंपरिक जूरी के बजाय दुनिया भर से आए दर्शकों के वोट के आधार पर दिया गया.

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस उपलब्धि की जानकारी दी. उन्होंने इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि यह सम्मान भारतीय कलाकारों की प्रतिभा तथा देश के समकालीन कला परिदृश्य की जीवंतता को दर्शाता है.

भारत का राष्ट्रीय पवेलियन ‘Geographies of Distance: Remembering Home’ शीर्षक से प्रस्तुत किया गया था. इसे संस्कृति मंत्रालय ने Nita Mukesh Ambani Cultural Centre (NMACC) और Serendipity Arts के सहयोग से तैयार किया. पवेलियन में पांच भारतीय कलाकारों—अलवर बालासुब्रमण्यम, रंजनी शेट्टर, सुमाक्षी सिंह, स्कर्मा सोनम ताशी और असीम वक्फ—की कृतियां शामिल थीं.

मंत्री के अनुसार, प्रदर्शनी ने यह दिखाया कि भारत की पारंपरिक कलात्मक विरासत समकालीन रूपों में अभिव्यक्त होकर दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ सकती है. उन्होंने भारतीय कला की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहुंच को देश के सांस्कृतिक प्रभाव से भी जोड़ा.

यह सम्मान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत सात साल के अंतराल के बाद वेनिस आर्ट बिएनाले में लौटा है. भारत ने इससे पहले 2019 में इसमें भाग लिया था. 61वें संस्करण की थीम ‘In Minor Keys’ है, जिसमें 100 राष्ट्रीय भागीदारी शामिल हैं और इसे सात लाख से अधिक दर्शक देख चुके हैं.