ईशान खट्टर ने नेटफ्लिक्स की सीरीज़ ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीज़न की शूटिंग राजस्थान में शुरू कर दी है. अभिनेता ने सोशल मीडिया पर शूटिंग लोकेशन की झलक साझा करते हुए अपनी तैयारियों से जुड़े कुछ वीडियो भी पोस्ट किए हैं.
ईशान की पोस्ट में एक खूबसूरत हवेली की तस्वीरें और घुड़सवारी का अभ्यास करते हुए उनके वीडियो दिखाई दे रहे हैं. माना जा रहा है कि यह ट्रेनिंग सीरीज़ में उनके किरदार की वापसी की तैयारी का हिस्सा है. हालांकि, नए सीज़न की कहानी और किरदारों के सफर से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
पोस्ट साझा करते हुए ईशान ने लिखा, “Lock in. Log out. See y’all on the other side.” दूसरे सीज़न में वह फिर प्रिंस अविराज सिंह की भूमिका निभाएंगे.
पहले सीज़न की कहानी
‘द रॉयल्स’ का पहला सीज़न 9 मई 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ था. सीरीज़ की कहानी आधुनिक भारत में आर्थिक मुश्किलों से जूझ रहे एक शाही परिवार के इर्द-गिर्द बुनी गई है. इसमें परिवार का उत्तराधिकारी एक हॉस्पिटैलिटी उद्यमी के साथ मिलकर पैतृक महल को लग्जरी रिसॉर्ट में बदलने की कोशिश करता है.
पहले सीज़न का निर्देशन प्रियंका घोष और नूपुर अस्थाना ने किया था, जबकि लेखन नेहा वीणा शर्मा ने किया. इसका निर्माण प्रीतिश नंदी कम्युनिकेशंस ने किया है. पहले सीज़न की कास्ट में भूमि पेडनेकर, ईशान खट्टर, जीनत अमान, साक्षी तंवर, नोरा फतेही, विहान समत, डिनो मोरिया और मिलिंद सोमन शामिल थे.
ईशान की आगामी फिल्मों-सीरीज़ की सूची में ‘जुगाड़ू’ भी शामिल है, जिसमें वह तानिया के साथ नजर आएंगे. इसका निर्देशन ‘गुल्लक’ के लिए पहचाने जाने वाले पलाश वासवानी कर रहे हैं.
