गीतकार और लेखक जावेद अख्तर के भगवान राम को लेकर दिए गए बयान पर विवाद शुरू हो गया है. मुंबई में इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) की म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट लॉन्च के दौरान उनसे नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ और उसके गानों को लेकर सवाल पूछा गया था.

जावेद अख्तर ने कहा कि राम को केवल एक व्यक्ति के रूप में देखना सही नहीं है. उनके अनुसार, राम एक विचार हैं और नैतिकता तथा जीवन जीने के एक तरीके का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्होंने रहीम का दोहा भी सुनाया—“रहिमन मुश्किल आ पड़ी, टेढ़े दऊ काम. सीधे से जग न मिले, उलटे मिले ना राम.”

जावेद अख्तर ने कहा, “हो सकता है कि कई लोग मेरी बात सुनकर मुझसे नाराज भी होंगे. हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में, उसका कोई भी मजहब हो, राम मौजूद हैं.” उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने अभी तक ‘रामायण’ नहीं देखी है, लेकिन वह फिल्म जरूर देखेंगे. उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर फिल्म देख चुकी हैं और उन्हें यह पसंद आई.

साजिद रशीदी ने दी तीखी प्रतिक्रिया

ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने जावेद अख्तर के बयान पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर सार्वजनिक मंचों पर खुद को नास्तिक बता चुके हैं और किसी धर्म को नहीं मानने की बात कह चुके हैं.

रशीदी ने आरोप लगाया कि जावेद अख्तर अपने गानों की बिक्री के लिए इस तरह के बयान देते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर जावेद अख्तर राम में आस्था दिखा रहे हैं, तो उन्हें “घर वापसी” कर अपना नाम बदलकर “रामपाल” रख लेना चाहिए. ये टिप्पणियां रशीदी की प्रतिक्रिया के रूप में सामने आई हैं.

उदित राज ने बताया निजी नजरिया

कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि जावेद अख्तर का अपना नजरिया है. उनके मुताबिक, हर व्यक्ति धार्मिक ग्रंथों की व्याख्या अपने तरीके से करता है और अगर जावेद अख्तर की सोच ऐसी है, तो उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार है.

जावेद अख्तर इससे पहले ‘लगान’ का ‘ओ पालनहारे’ और ‘स्वदेश’ का ‘पल पल है भारी’ जैसे भक्ति और धार्मिक संदर्भ वाले गीत लिख चुके हैं. ‘पल पल है भारी’ गीत फिल्म में रामलीला के प्रसंग से जुड़ा था.