पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने अपनी चर्चित फिल्म ‘शोले’ और उसके लेखन को लेकर कहा है कि अगर वह और सलीम खान आज इस कहानी पर काम करते, तो इसे 50 साल पहले की तरह नहीं लिखते. उन्होंने यह बात कोमल नाहटा के साथ बातचीत में कही.
जावेद अख्तर ने बताया कि वह हाल ही में बोमन ईरानी के स्क्रीनराइटिंग संस्थान के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे. वहां निर्देशक रमेश सिप्पी ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें एक और ‘शोले’ बनानी चाहिए. जावेद अख्तर ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि अगर उन्हें बनाने का शौक है तो वह बना सकते हैं, क्योंकि वह लोग अपनी फिल्म बना चुके हैं.
इसके बाद उन्होंने इस सवाल पर गंभीरता से अपनी राय रखी. जावेद अख्तर के मुताबिक, 50 से 52 वर्षों में इंसान बदल जाता है. उन्होंने कहा कि कभी-कभी उन्हें लगता है कि ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘जंजीर’ लिखने वाले सलीम-जावेद शायद आज के सलीम-जावेद से अलग लोग थे. उनके अनुसार, दोनों के बीच कुछ समानता अब भी हो सकती है, लेकिन अनुभवों और समय ने उन्हें बदल दिया है.
उन्होंने कहा कि अगर वे आज साथ मिलकर या अलग-अलग लिखेंगे, तो कहानी का तरीका निश्चित रूप से अलग होगा. जावेद अख्तर ने यह भी कहा कि 50 साल पहले जैसी ही चीज दोबारा लिखना इस बात का संकेत होगा कि लेखक ने इतने वर्षों में कुछ नहीं सीखा.
पुराने हिट फिल्मों के सीक्वल पर सवाल
सीक्वल बनाने की प्रवृत्ति पर जावेद अख्तर ने कहा कि किसी विचार पर काम उसी समय करना बेहतर है, जब लेखक उसी मानसिक स्थिति में हो. उन्होंने 20 साल बाद पुरानी ब्लॉकबस्टर का सीक्वल बनाने को लेकर कहा कि दुनिया आगे बढ़ चुकी है, जबकि ऐसे प्रयासों में लोग अपनी पुरानी सफलता पर ही टिके रह जाते हैं. उनके मुताबिक, इतने वर्षों में मूल्यों, पसंद, फैशन, सोच और तकनीक में बदलाव आ चुका है.
