सलमान खान से कथित तौर पर जुड़ी फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लीगल’ की रिलीज को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. फिल्म निर्माताओं ने अदालत को बताया कि फिल्म अभी रिलीज के लिए तैयार नहीं है, क्योंकि इसके कंटेंट को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से प्रमाणित कराया जाना बाकी है.
यह बयान न्यायमूर्ति ज्योति सिंह के समक्ष उस आवेदन की सुनवाई के दौरान दिया गया, जिसमें सलमान खान ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है. अदालत ने निर्माता से सलमान की याचिका पर दो हफ्ते के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा है. मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को होगी.
अदालत ने निर्माता अमित जानी के वकील से 14 सितंबर को फिल्म की प्रस्तावित रिलीज तारीख के बारे में जानकारी देने को भी कहा है. तब तक फिल्म रिलीज नहीं करने का निर्देश दिया गया है. निर्माता के वकील ने सुनवाई में कहा कि फिल्म अभी रिलीज योग्य स्थिति में नहीं है, उसे प्रमाणन के लिए सेंसर बोर्ड को भेजा जाना बाकी है और उसका ट्रेलर भी जारी नहीं किया गया है.
सलमान खान की ओर से कहा गया कि निर्माता सितंबर में फिल्म रिलीज करने की बात कह रहे थे और अगर ऐसा हुआ तो इससे अभिनेता को गंभीर नुकसान हो सकता है. यह आवेदन सलमान की उस व्यापक याचिका का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा की मांग की है.
पहले भी teaser हटाने का आदेश
जुलाई में हाई कोर्ट ने फिल्म के teaser और उससे जुड़े अन्य पोस्ट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाने का अंतरिम आदेश दिया था. अदालत ने कहा था कि निर्माता सलमान खान के नाम, उनके तौर-तरीकों और विशिष्ट पहचान से जुड़े गुणों का व्यावसायिक लाभ के लिए उनकी अनुमति के बिना इस्तेमाल नहीं कर सकते. अदालत ने ऐसे कंटेंट के प्रसार को भी रोका था, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है.
अदालत के निर्देश के तहत teaser और संबंधित पोस्ट को सोशल मीडिया, OTT, टेलीविजन और प्रिंट मीडिया समेत किसी भी मंच पर अपलोड, होस्ट, साझा या प्रचारित नहीं किया जाना था. यदि अपलोड करने वाले इन्हें नहीं हटाते, तो X, Meta और Google को संबंधित URL हटाने के निर्देश दिए गए थे.
फिल्म निर्माताओं ने पहले स्पष्ट किया था कि यह सलमान खान की बायोपिक नहीं है और फिल्म में सार्वजनिक घटनाओं से जुड़े तथ्यों का इस्तेमाल किया गया है. इसके जवाब में सलमान ने कहा कि उनका दावा किसी घटना या सार्वजनिक विमर्श पर एकाधिकार का नहीं, बल्कि उनकी पहचान और खास पहचान-चिह्नों के कथित अनधिकृत व्यावसायिक इस्तेमाल का है. उन्होंने फिल्म के पोस्टर में बंदूक पकड़े किरदार, सलमान से कथित समानता और उनके पहचाने जाने वाले bracelet व ear studs जैसे तत्वों पर आपत्ति जताई है.
