अभिनेत्री और BJP सांसद कंगना रनौत ने AI-जनित अश्लील सामग्री, आपत्तिजनक ग्राफिक पोस्ट और उनके नाम से प्रसारित फर्जी खबरों के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है. उन्होंने अपनी छवि, पहचान और व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा की मांग की है.

न्यायमूर्ति विकास महाजन की अदालत ने गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को रनौत की याचिका पर प्रतिवादियों को समन जारी किया. अदालत ने अंतरिम रोक की मांग वाले आवेदन पर भी नोटिस जारी किया है.

सुनवाई के दौरान रनौत के वकील ने सोशल मीडिया पर मौजूद कथित अश्लील और AI-जनित सामग्री का मुद्दा उठाया. वकील ने कहा कि एक फैक्ट-चेक के अनुसार संबंधित तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि AI से तैयार की गई थी. याचिका में रनौत के नाम से गलत बयान और फर्जी खबरें प्रसारित किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है.

अदालत ने कुछ सामग्री को व्यंग्यात्मक बताते हुए उस पर तत्काल कार्रवाई की मांग के संबंध में सवाल किया. वकील ने ऐसे कंटेंट के खिलाफ फिलहाल राहत पर जोर नहीं दिया. सुनवाई के दौरान यह भी बताया गया कि कुछ प्रतिवादियों ने नोटिस मिलने के बाद संबंधित सामग्री हटा दी है. मामले की अगली सुनवाई 3 फरवरी 2027 को होगी.