करिश्मा कपूर अपने क्लासिक और सलीकेदार फैशन सेंस के लिए जानी जाती हैं. अपने हालिया एथनिक लुक में उन्होंने पीले रंग का ‘Valli Anarkali Set’ पहना, जिसकी कीमत ₹2,95,000 बताई गई है. यह आउटफिट डिजाइनर मृणालिनी राव के लेबल का है.
चंदेरी फैब्रिक से तैयार इस अनारकली में पैन-पॉट नेकलाइन और चूड़ी स्लीव्स हैं. नेकलाइन पर बारीक जड़ाऊ कढ़ाई की गई है, जबकि बहुरंगी रेशम के फूलों वाले मोटिफ्स आउटफिट को अलग पहचान देते हैं. अनारकली की कलियों पर ऑल-ओवर फ्लोरल जाल और मैचिंग एम्ब्रॉयडर्ड बॉर्डर दिया गया है.
इस सेट के साथ करिश्मा ने ऑर्गेंजा दुपट्टा कैरी किया, जिस पर भी कढ़ाईदार बॉर्डर है. दुपट्टे के साथ हाथ से बनाए गए टैसल्स लगाए गए हैं, जिन्हें क्रोशिया फूलों से सजाया गया है. आउटफिट की पारंपरिक डिटेलिंग इसे फेस्टिव अपील देती है, जबकि इसका सिल्हूट लुक को सॉफ्ट और ग्रेसफुल बनाए रखता है.
ज्वेलरी और मेकअप ने पूरा किया लुक
करिश्मा ने पीले अनारकली के साथ तीन-स्तरीय लेयर्ड नेकलेस, ईयररिंग्स और कड़े पहने. मेकअप में उन्होंने काजल से उभरी आंखें, स्पष्ट भौहें और न्यूड-पिंक ग्लॉसी लिप्स चुने. सेंटर-पार्टेड स्लीक हेयरस्टाइल ने नेकलाइन और ज्वेलरी को प्रमुखता दी.
इस लुक को स्टाइलिस्ट ईशा अमीन प्रधान ने तैयार किया. करिश्मा कपूर अपने स्टाइल को अक्सर ‘क्लासिक चिक’ कहती रही हैं, जिसमें पारंपरिक परिधानों के साथ आधुनिक कट और सटल ग्लैमर का संतुलन दिखाई देता है.
