कार्तिक आर्यन की आगामी फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ यमन में हुए एक बड़े मानवीय निकासी अभियान की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है. फिल्म का निर्देशन शिमित अमीन कर रहे हैं. यह कार्तिक आर्यन की पहली फिल्म होगी, जिसमें वह पायलट की भूमिका निभाएंगे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कहानी में कार्तिक का किरदार युद्धग्रस्त क्षेत्र में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने वाले अभियान का नेतृत्व करता नजर आएगा. फिल्म की कथा में यमन के हूती संघर्ष को भी अहम हिस्सा बनाया गया है. हालांकि, निर्माताओं ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि संघर्ष और उसके राजनीतिक संदर्भ को फिल्म में किस तरह पेश किया जाएगा.
कहानी का आधार 2015 की घटनाओं को बताया गया है. उस समय हूती बलों के सना पर नियंत्रण के बाद यमन में सैन्य तनाव बढ़ गया था. इसी दौर में भारत ने ‘ऑपरेशन राहत’ के जरिए यमन से भारतीय नागरिकों के साथ-साथ अन्य देशों के नागरिकों को भी बाहर निकाला था.
फिल्म से जुड़े एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि ‘कैप्टन इंडिया’ भारत के सबसे चुनौतीपूर्ण बचाव अभियानों में से एक से प्रेरित है. फिल्म में संघर्ष क्षेत्र से बड़े पैमाने पर लोगों को निकालने के दौरान आने वाली मुश्किलों और जोखिमों को दिखाने की बात कही गई है.
‘कैप्टन इंडिया’ का निर्माण T-Series, Baweja Studios और कार्तिक आर्यन की Dopamine Studios मिलकर कर रहे हैं. फिल्म की शूटिंग फिलहाल यूके में चल रही है. इसकी सिनेमाघरों में रिलीज 13 अगस्त 2027 के लिए निर्धारित बताई गई है.
