धर्मा प्रोडक्शंस और डोपामाइन स्टूडियोज ने अभिनेता कार्तिक आर्यन की नई फिल्म ‘कालिया’ की घोषणा की है. यह फिल्म मॉन्स्टर थ्रिलर के रूप में बनाई जा रही है और 5 मई 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म का ऐलान कार्तिक आर्यन के जन्मदिन के मौके पर किया गया.
‘कालिया’ के निर्देशन की जिम्मेदारी संदीप मोदी संभालेंगे. यह उनकी पहली हिंदी थिएट्रिकल रिलीज होगी. इससे पहले वह ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘आर्या’ जैसी चर्चित सीरीज पर काम कर चुके हैं.
फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमेन मिश्रा, मारिज्के डी’सूजा और कार्तिक आर्यन कर रहे हैं. निर्माताओं के अनुसार, यह प्रोजेक्ट हिंदी सिनेमा में मॉन्स्टर थ्रिलर की अपेक्षाकृत कम इस्तेमाल की गई शैली की ओर कदम है.
भारतीय लोककथाओं से जुड़ी कहानी
‘कालिया’ की दुनिया भारतीय हार्टलैंड की मिथकीय परंपराओं और लोककथाओं से प्रेरित होगी. फिल्म में पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक कथाओं और मान्यताओं को मॉन्स्टर स्टोरीटेलिंग के साथ जोड़े जाने की बात कही गई है.
इस फिल्म के साथ कार्तिक आर्यन एक नए जॉनर में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे. निर्माताओं ने इसे भारतीय सांस्कृतिक कल्पना से जुड़ी, लेकिन व्यापक दर्शक वर्ग को ध्यान में रखकर बनाई जा रही फिल्म के रूप में पेश किया है.
