कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर रविवार तड़के एक यात्री बस को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी. हादसे में बस में सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बरपाली स्थित अनूप ढाबे के पास करीब सुबह 3 बजे हुई. रॉयल ट्रेवल्स की बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कुनकुरी से रायपुर जा रही थी. यात्रियों के बाथरूम जाने के लिए चालक ने बस को हाईवे किनारे रोका था. इसी दौरान पीछे से आ रहे गेहूं से लदे ट्रेलर की बस से भिड़ंत हो गई.
टक्कर से बस के पिछले हिस्से में बैठे दो यात्रियों की घटनास्थल पर मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला. उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटघोरा भेजा गया.
पुलिस ने मृतकों के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक विवरण में ट्रेलर चालक के समय पर ब्रेक नहीं लगा पाने की बात सामने आई है; दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी.
