छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में केशकाल घाट पर ओवरटेकिंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया. पुलिस के अनुसार, एक ट्रेलर चालक ने दूसरे वाहन को रास्ते में रोककर तलवार से दो लोगों पर हमला करने की कोशिश की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी. केशकाल पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 11 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे केशकाल स्थित गिरिदीप स्कूल के पास नेशनल हाईवे-30 पर हुई. रायपुर के कबीर नगर निवासी 57 वर्षीय तारसेन सिंह अपने साले हिरासिंह के साथ 18 चक्का ट्रेलर में लोहे की रेल पटरी लेकर रायपुर से वारंगल जा रहे थे.

आरोप है कि ट्रेलर क्रमांक CG-07-DC-7213 के चालक विक्रम सिंह ने उनके वाहन को गलत तरीके से ओवरटेक किया और आगे जाकर ट्रेलर खड़ा कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई. पुलिस के अनुसार, विक्रम सिंह ने तारसेन सिंह और हिरासिंह से गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और फिर अपने ट्रेलर से तलवार निकालकर दोनों पर हमला किया.

शिकायत के आधार पर केशकाल थाने में आरोपी विक्रम सिंह, पिता बख्शीस सिंह, निवासी अर्जुन नगर सुपेला, जिला दुर्ग के खिलाफ अपराध क्रमांक 187/2026 दर्ज किया गया. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(3) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 व 27 के तहत मामला दर्ज है.

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश मिश्रा समेत पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही.