रोहित शेट्टी के स्टंट आधारित रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का खिताब अविनाश मिश्रा ने अपने नाम कर लिया है. फिनाले स्टंट में उन्होंने ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़कर जीत हासिल की. ऋत्विक धनजानी शो के रनर-अप रहे.
विजेता बनने पर अविनाश को ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली. इसके अलावा उन्हें यूरोप घूमने का मौका और एक कार भी दी गई. इस सीजन में हिस्सा लेने वाले सभी कंटेस्टेंट्स को एक बाइक दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है.
‘खुद को पहचानने का सफर’ बताया
जीत के बाद अविनाश मिश्रा ने कहा कि उनके लिए यह शो दूसरों के सामने खुद को साबित करने से ज्यादा, खुद को पहचानने का सफर रहा. उनके मुताबिक, शो साइन करते समय उन्हें लगा था कि उन्हें खुद को साबित करना है, लेकिन आगे चलकर समझ आया कि यह साबित करना उन्हें खुद से था.
अविनाश ने कहा कि लोग उन्हें टीवी अभिनेता और अच्छे लुक्स वाले कलाकार के तौर पर जानते हैं, लेकिन वह चाहते थे कि दर्शक उनकी दूसरी खूबियों को भी देखें. उन्होंने शो के दौरान मिली सबसे बड़ी सीख को मानसिक मजबूती से जोड़ा.
अंडरवॉटर स्टंट के बाद बदला सफर
शो की शुरुआत में टीम वीक के दौरान अविनाश के प्रदर्शन को मजबूत बताया गया. कई कठिन स्टंट में अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें रोहित शेट्टी के हस्ताक्षर वाली कस्टम फियर जैकेट भी मिली.
उनके सफर में अहम मोड़ करण वाही के साथ हुए अंडरवॉटर स्टंट के दौरान आया. अविनाश ने करण को हराकर टॉप-5 में जगह बनाई और सीजन के पहले फाइनलिस्ट बने. इसके बाद लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर वह फिनाले तक पहुंचे और आखिरकार ट्रॉफी जीत ली.
