Sony Marathi के क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ का नया अध्याय 12 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है. शो के ग्रैंड प्रीमियर में माधुरी दीक्षित पहली बार होस्ट की भूमिका में दिखाई देंगी, जबकि सोनाली बेंद्रे हॉट सीट पर बतौर पहली सेलिब्रिटी मेहमान नजर आएंगी. यह एपिसोड रात 9 बजे Sony Marathi और Sony LIV पर प्रसारित होगा.

माधुरी दीक्षित और सोनाली बेंद्रे ने लंबे फिल्मी करियर के बावजूद अब तक किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया है. ऐसे में यह एपिसोड दोनों की पहली ऑन-स्क्रीन साझेदारी होगी. कार्यक्रम में फिल्मों से जुड़ी यादों, बातचीत और क्विज गेम के साथ मनोरंजन का मिश्रण देखने को मिलेगा. एपिसोड की टैगलाइन ‘आता खेळ बदलणार’ यानी ‘अब खेल बदल जाएगा’ रखी गई है.

पशु कल्याण के लिए खेलेंगी सोनाली

सोनाली बेंद्रे Happy Pet Foundation के समर्थन में खेलेंगी. बातचीत के दौरान वह पशु कल्याण से जुड़े अपने काम और ‘Happy Podcast’ का भी जिक्र करेंगी. घर संभालने से जुड़े सवाल पर माधुरी और सोनाली ने जिम्मेदारियां साझा करने और काम बांटने को जरूरी बताया. सोनाली ने यह भी कहा कि उनकी सास उन्हें रसोई में काम नहीं करने देतीं.

माधुरी ने कहा कि दोनों ने कभी साथ फिल्म नहीं की, लेकिन अब इस मुलाकात का मौका मिला है. उन्होंने शो के सेट पर सोनाली के साथ स्क्रीन साझा करने को खास अवसर बताया. सोनाली ने माधुरी को गर्मजोशी से भरी शख्सियत बताते हुए कहा कि वह शो की अच्छी होस्ट साबित होंगी.

शो में आने वाले महीनों के दौरान महाराष्ट्र से जुड़े अन्य सेलिब्रिटी मेहमानों के शामिल होने की भी जानकारी दी गई है.