छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिवाली के दिन अलग-अलग जगहों पर हुए दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच युवक घायल हो गए. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है.

कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर युवक की मौत

पहला हादसा कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर तानाखार से आगे भालू मोड़ के पास हुआ. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एक युवक बाइक से पोड़ी उपरोड़ा से कटघोरा की ओर जा रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर कटघोरा और बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश कर रही है.

रिसदी रोड पर पांच युवक घायल

दूसरा हादसा मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रिसदी रोड पर हुआ. यहां बाइक और स्कूटी की भिड़ंत में पांच युवक घायल हो गए. बाइक पर तीन और स्कूटी पर दो युवक सवार थे. हादसे के बाद सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया.

पुलिस के अनुसार, तीन युवकों को गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में भर्ती पांच घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बाइक की रफ्तार तेज होने की बात कही है. पुलिस को बाइक चोरी की होने का भी संदेह है, जिसकी जांच की जा रही है.