अभिनेत्री कुनिका सदानंद की मां कल्याणी सदानंद का 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने गोवा में अंतिम सांस ली. कुनिका ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर साझा कर मां के निधन की जानकारी दी.

कुनिका ने अपने भावुक संदेश में मां को उनके प्रेम, मार्गदर्शन और खुद पर विश्वास करना सिखाने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने लिखा कि उनकी मां ने उन्हें सपने देखने, दुनिया का सामना करने और जीवन की मुश्किलों को सहने का आत्मविश्वास दिया.

अभिनेत्री ने कल्याणी सदानंद को परिवार और दोस्तों के बीच खुशमिजाज, मिलनसार और हाजिरजवाब व्यक्तित्व के रूप में याद किया. उन्होंने कहा कि मां ने पत्नी, मां, बहन और दादी सहित अपने सभी रिश्तों की जिम्मेदारियां प्रेम और देखभाल के साथ निभाईं.

कुनिका ने यह भी लिखा कि उनकी मां अब अपने दिवंगत भाई-बहनों और प्रियजनों के साथ होंगी. संदेश के अंत में उन्होंने अपनी मां की आत्मा की शांति की कामना की और कहा कि वह उन सभी लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी, जिन्हें उन्होंने छुआ.

कल्याणी सदानंद का अंतिम संस्कार गोवा में किया जाएगा. इसके बाद बाकी रस्में मुंबई में होंगी. अभिनेत्री के पोस्ट पर प्रशंसकों और अन्य लोगों ने शोक जताया. कमेंट्स में लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत कल्याणी सदानंद की आत्मा की शांति की कामना की.