राजकुमार हिरानी ने बताया है कि 2006 में आई फिल्म ‘लगे रहो मुन्नाभाई’ की शुरुआती पटकथा में एक ऐसा दृश्य था, जिसमें महात्मा गांधी के सीने पर गोली के तीन निशान दिखाए जाने थे. यह दृश्य फिल्म के अंतिम संस्करण में शामिल नहीं किया गया.
कोमल नाहटा के साथ हुई बातचीत में हिरानी ने फिल्म के लेखन और अभिजात जोशी के इससे जुड़ने के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि जोशी ने एक दृश्य लिखा था, जिसने उन्हें काफी प्रभावित किया और इसी वजह से वह फिल्म के लेखकों में शामिल हुए.
शुरुआती पटकथा में क्या था
फिल्म में वृद्धाश्रम के बुजुर्गों का लकी सिंह के खिलाफ विरोध दिखाया गया था. शुरुआती संस्करण में सुरक्षा गार्डों के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो जाती थी. अंतिम संस्कार के दौरान मुन्ना इस मौत से दुखी और गुस्से में होता है. वह लकी सिंह को मारने की बात करता है.
इसके बाद मुन्ने को गांधीजी दिखाई देते हैं. गांधीजी उसे हिंसा का रास्ता न अपनाने की सलाह देते हैं. तभी तेज हवा चलती है और उनका शॉल उड़ जाता है. इस दृश्य में उनके सीने पर गोली के तीन निशान नजर आते.
हिरानी के मुताबिक, मुन्ना गांधीजी से कहता है कि उन्हें भी तो मार दिया गया था. इसके जवाब में गांधीजी कहते हैं कि तीन गोलियों ने उनके शरीर को खत्म किया, लेकिन उनके विचारों को नहीं.
यह दृश्य काफी लंबे समय तक पटकथा का हिस्सा रहा. हालांकि, हिरानी एक बुजुर्ग की मौत दिखाकर कहानी को उस दिशा में नहीं ले जाना चाहते थे. इसलिए दृश्य हटा दिया गया, लेकिन उसका मूल विचार फिल्म में बरकरार रहा. बाद में इसी विचार से जुड़ी पंक्ति फिल्म के क्लाइमेक्स में दर्शकों को संबोधित करते हुए इस्तेमाल की गई.
