दुलकर सलमान और निर्देशक वेंकी अटलूरी की चर्चित फिल्म ‘लकी भास्कर’ की अगली कड़ी की तैयारी के संकेत मिले हैं. दोनों कलाकारों ने एक इंटरव्यू के दौरान ‘लकी भास्कर 2’ पर साथ काम करने की बात कही. हालांकि, सीक्वल की रिलीज तारीख या शूटिंग शेड्यूल की घोषणा अभी नहीं हुई है.
यह बातचीत दुलकर सलमान की आगामी फिल्म ‘आई एम गेम’ की रिलीज से पहले उनकी प्रोडक्शन कंपनी की ओर से साझा की गई थी. बातचीत के दौरान वेंकी अटलूरी ने कहा कि दुलकर अपनी मौजूदा प्रतिबद्धताएं पूरी कर लें, इसके बाद वह ‘लकी भास्कर 2’ के साथ जल्द लौटेंगे.
दुलकर ने बताया, अब भी ‘भास्कर’ नाम से पहचानते हैं लोग
वेंकी अटलूरी के इस वादे पर प्रतिक्रिया देते हुए दुलकर सलमान ने कहा कि ‘लकी भास्कर’ के लिए उन्हें अब भी दर्शकों का प्यार मिल रहा है. अभिनेता के मुताबिक, वह जहां भी जाते हैं, कई लोग उन्हें फिल्म के किरदार के नाम ‘भास्कर’ से पहचानते हैं.
निर्देशक ने यह भी माना कि दूसरी फिल्म बनाने का दबाव उन्हें अभी से महसूस हो रहा है. दुलकर ने अटलूरी के साथ भविष्य में दोबारा काम करने की इच्छा जताते हुए कहा कि वह उनके साथ ‘लकी भास्कर 2’ या किसी नई कहानी पर भी काम करेंगे.
पहली फिल्म में कर्ज से जूझते बैंक कैशियर की कहानी
2024 में आई ‘लकी भास्कर’ एक ब्लैक कॉमेडी हीस्ट ड्रामा थी. फिल्म में दुलकर सलमान ने एक ऐसे मध्यमवर्गीय बैंक कैशियर का किरदार निभाया था, जो कर्ज और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच फंसा हुआ है.
कहानी में वित्तीय गतिविधियों के जरिए भास्कर की आर्थिक स्थिति बदलती है, लेकिन बढ़ती संपत्ति उसके जीवन में नई मुश्किलें भी लेकर आती है. फिल्म में मीनाक्षी चौधरी, टिन्नू आनंद, पी. साई कुमार, रामकी, रघु बाबू, मानसा चौधरी, सर्वदमन डी. बनर्जी, कल्याणी और सचिन खेडकर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए थे.
वेंकी अटलूरी और दुलकर सलमान की ओर से सीक्वल को लेकर उत्साह तो जाहिर किया गया है, लेकिन फिल्म की आधिकारिक शुरुआत, कहानी और कलाकारों की पूरी सूची से जुड़ी जानकारी सामने आना बाकी है.
