मधु मंटेना की कंपनी मद मैन पिक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड ने फैंटम स्टूडियोज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के 17 फिल्मों से जुड़े बौद्धिक संपदा अधिकारों को लेकर सार्वजनिक नोटिस जारी किया है. कंपनी ने निर्माताओं, वितरकों, प्रदर्शकों, प्रसारकों, ओटीटी मंचों, वित्तदाताओं और बैंकों को इन अधिकारों के संबंध में कोई लेन-देन करने से पहले सावधानी बरतने को कहा है.

नोटिस 25 नवंबर 2026 का बताया गया है. इसमें बॉम्बे हाई कोर्ट में मद मैन पिक्चर्स की ओर से दायर वाणिज्यिक मध्यस्थता याचिका में 13 अगस्त 2025 को पारित आदेश का हवाला दिया गया है.

बैंक गारंटी को लेकर क्या है दावा

नोटिस के अनुसार, फैंटम स्टूडियोज ने अदालत के समक्ष ₹8.10 करोड़ की बैंक गारंटी देने का आश्वासन दिया था. जब तक यह गारंटी जमा नहीं होती, तब तक कंपनी ने 19 नवंबर 2024 के सर्विस एग्रीमेंट में सूचीबद्ध कुछ संपत्तियों और अधिकारों को हस्तांतरित नहीं करने या उन पर तीसरे पक्ष का अधिकार नहीं बनाने का वचन दिया था.

मद मैन पिक्चर्स का आरोप है कि 2026 में अवमानना याचिका दाखिल किए जाने और समय-सीमा बढ़ाए जाने के बावजूद बैंक गारंटी उपलब्ध नहीं कराई गई. नोटिस के मुताबिक, अंतिम विस्तार की अवधि 28 अक्टूबर 2026 को समाप्त हुई थी. कंपनी का कहना है कि इस कारण संबंधित वचन अभी प्रभावी है. फैंटम स्टूडियोज की ओर से इस दावे पर कोई पक्ष उपलब्ध नहीं कराया गया है.

किन फिल्मों के अधिकारों का जिक्र

नोटिस में ‘क्वीन’, ‘सिंघम’, ‘सिंघम रिटर्न्स’, ‘उड़ता पंजाब’, ‘लुटेरा’, ‘मसान’, ‘एनएच10’, ‘मुक्काबाज़’, ‘मनमर्जियां’ और ‘83’ समेत 17 फिल्मों का उल्लेख है. सूची के अनुसार, 13 फिल्मों में फैंटम की आईपी हिस्सेदारी 50 प्रतिशत बताई गई है.

अन्य फिल्मों में ‘ट्रैप्ड’ में 40 प्रतिशत, ‘83’ में 37.50 प्रतिशत, ‘सुपर 30’ में 30.50 प्रतिशत और गुजराती फिल्म ‘रॉन्ग साइड राजू’ में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी का दावा किया गया है. मद मैन पिक्चर्स ने संभावित खरीदारों और लाइसेंसधारकों को चेताया है कि ऐसे अधिकार लेने का लेन-देन कानूनी परिणामों, जिनमें अदालत की अवमानना की कार्यवाही भी शामिल हो सकती है, के दायरे में आ सकता है.