माधुरी दीक्षित ने क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ के आगामी एपिसोड में सनी देओल और अजय देवगन के साथ डांस करने का किस्सा साझा किया. इस एपिसोड में कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान हॉट सीट पर नजर आएंगी. बातचीत के दौरान दोनों ने कलाकारों के डांसिंग स्टाइल और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अनुभवों पर चर्चा की.
फराह खान ने कहा कि अब कमोबेश सभी कलाकार डांस करने में सहज हैं, जबकि पहले गोविंदा और अक्षय कुमार को डांस के लिए खास तौर पर जाना जाता था. इसके बाद बातचीत जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर और सनी देओल जैसे कलाकारों के अलग-अलग डांसिंग अंदाज तक पहुंची.
फराह के पूछने पर कि क्या माधुरी ने सनी देओल के साथ डांस किया है, माधुरी ने बताया कि उन्होंने सनी देओल और अजय देवगन—दोनों के साथ एक ही फिल्म में डांस किया है. वह फिल्म ‘ये रास्ते हैं प्यार के’ थी.
माधुरी की बात सुनकर फराह ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस अनुभव के लिए उन्हें मेडल मिलना चाहिए और कोरियोग्राफी विभाग को उन्हें पुरस्कार देना चाहिए. फराह ने यह भी पूछा कि डांस के दौरान दोनों कलाकारों ने कितनी बार उनके पैर पर पैर रखा. माधुरी ने हंसते हुए जवाब दिया कि दोनों के बीच कुछ दूरी थी, इसलिए ज्यादा परेशानी नहीं हुई.
शाहरुख खान के डांस स्टेप्स का भी जिक्र
बातचीत में फराह ने शाहरुख खान के साथ काम करने का अनुभव भी साझा किया. उन्होंने कहा कि शाहरुख मुश्किल डांस स्टेप देने पर भी उसे करने से मना नहीं करते. फराह के मुताबिक, कभी-कभी वह स्टेप को अपने अंदाज में करने की कोशिश करते हैं और तब कोरियोग्राफर को उसे बदलना पड़ता है.
‘कौन होणार करोड़पति’ का यह एपिसोड सोमवार से शनिवार रात 9 बजे Sony Marathi और Sony LIV पर प्रसारित होता है.
