महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ से जुड़े Vimal Pan Masala विज्ञापन मामले में अपनी जांच पूरी कर ली है. FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने बताया कि सहायक आयुक्त की जांच में तीनों अभिनेताओं द्वारा राज्य के नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है.

मुंडे के अनुसार, तीनों अभिनेताओं ने जवाब देने के लिए समय मांगा था. अब जांच पूरी होने के बाद मामला अगले सप्ताह संयुक्त आयुक्त के सामने adjudication के लिए प्रस्तावित किया जाएगा. संयुक्त आयुक्त इस मामले में सक्षम प्राधिकारी हैं.

Adjudication एक अर्ध-न्यायिक प्रक्रिया है, जिसमें नियामक उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा कर यह तय करता है कि नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं. गैर-आपराधिक उल्लंघनों के मामलों में इसी प्रक्रिया के तहत दंड या अन्य कार्रवाई पर फैसला लिया जा सकता है. अंतिम कार्रवाई का निर्णय संयुक्त आयुक्त के स्तर पर होना है.

क्या है मामला

FDA ने इससे पहले तीनों अभिनेताओं को Vimal Elaichi के विज्ञापनों को लेकर नोटिस भेजे थे. विभाग का आरोप था कि ये विज्ञापन प्रतिबंधित पान मसाला और गुटखा उत्पादों के लिए surrogate advertising हो सकते हैं. महाराष्ट्र में गुटखा और पान मसाला की बिक्री प्रतिबंधित है.

विभाग ने अभिनेताओं से विज्ञापनों से जुड़े अपने संबंधों की जानकारी देने, प्रचार अभियान रोकने और भविष्य में ऐसे विज्ञापनों से जुड़ने से बचने को कहा था. FDA ने यह भी पूछा था कि उत्पाद का प्रचार स्वीकार करने से पहले उन्होंने किस तरह की due diligence की थी.

तुकाराम मुंडे ने यह भी बताया कि अजय देवगन ने इस मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है. हालांकि, FDA के अनुसार, विभाग संयुक्त आयुक्त के सामने अपनी कार्यवाही जारी रखेगा. अदालत में मामले की स्थिति और संयुक्त आयुक्त के निर्णय पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी.