बिग बॉस 20 की प्रतियोगी और टेलीविजन अभिनेत्री माही विज ने अपने शुरुआती करियर से जुड़े अनुभव साझा किए हैं. साथी प्रतियोगी कनिका मान से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि मुंबई आने के बाद उन्हें जल्द ही पहला बड़ा म्यूजिक वीडियो मिला था.
माही के मुताबिक, यह म्यूजिक वीडियो ‘तू तू है वही’ था, जिसमें उन्होंने गुलाबी ड्रेस पहनी थी. उन्होंने कहा कि इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो किए, जिनमें से कई सफल रहे.
दक्षिण भारतीय फिल्मों से ‘युवा’ तक
माही ने बताया कि म्यूजिक वीडियो के बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम किया. उनके अनुसार, उन्होंने प्रभु देवा और ममूटी जैसे कलाकारों के साथ भी काम किया था. इसके बाद उन्हें मणि रत्नम की फिल्म ‘युवा’ के लिए चुना गया.
माही ने दावा किया कि फिल्म में विवेक ओबेरॉय के साथ निभाया जाने वाला किरदार पहले उनके लिए तय हुआ था. हालांकि, 2004 में रिलीज हुई ‘युवा’ में यह भूमिका करीना कपूर ने निभाई थी. फिल्म में अभिषेक बच्चन, अजय देवगन और विवेक ओबेरॉय भी प्रमुख भूमिकाओं में थे.
माही ने कहा कि उस समय किसी व्यक्ति के साथ उनके समीकरण खराब हो गए थे, जिसके बाद यह अवसर उनके हाथ से निकल गया. उन्होंने इस मामले में संबंधित व्यक्ति का नाम नहीं बताया.
इसके बाद माही दिल्ली लौट आईं. उन्होंने बताया कि दो-तीन अन्य फिल्मों को लेकर भी बातचीत हुई, लेकिन वे प्रोजेक्ट आखिरी समय पर रद्द हो गए. इसके बाद उन्होंने टेलीविजन में काम करने का फैसला किया.
टेलीविजन पर माही ‘लागी तुझसे लगन’ में नकुशा और ‘बालिका वधू’ में नंदिनी के किरदारों के लिए पहचानी गईं. वह ‘झलक दिखला जा’, ‘खतरों के खिलाड़ी’ और ‘नच बलिए 5’ जैसे रियलिटी शो में भी नजर आईं. ‘नच बलिए 5’ में उन्होंने जय भानुशाली के साथ जीत दर्ज की थी.
