पाकिस्तानी अभिनेत्री मावरा होकेन और उनके पति अमीर गिलानी माता-पिता बन गए हैं. कपल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बेटे के जन्म की खुशखबरी साझा की और नवजात का नाम भी बताया. उन्होंने बेटे का पूरा नाम सैयद अजमार हुसैन कमाल गिलानी रखा है.
कपल ने अपने बेटे को अपना ‘सबसे कीमती खजाना’ बताया. पोस्ट में उन्होंने अजमार को ‘हमारे जंगल का राजा और हमारा गर्व’ कहा. मावरा ने बेटे के जन्म पर ‘अल्हमदुलिल्लाह’ लिखकर खुशी जाहिर की.
बेटे के कान में पढ़ी अजान
मावरा और अमीर ने बेटे के जन्म से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया. इसमें अमीर गिलानी नवजात के कान में अजान पढ़ते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद प्रशंसकों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने कपल को बधाइयां दीं. अभिनेत्री दुर्रेफिशान सलीम ने भी बच्चे के लिए शुभकामनाएं दीं और खुद को उसकी ‘खाला’ बताया.
शादी के बाद पहली संतान
मावरा ने अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर पहले कोई बड़ा सार्वजनिक ऐलान नहीं किया था. हालांकि, हाल के दिनों में कुछ प्रशंसकों ने उनके बेबी बंप को लेकर अनुमान लगाए थे. कपल की ओर से तब कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था.
मावरा होकेन और अमीर गिलानी ने फरवरी 2025 में शादी की थी. दोनों पाकिस्तानी ड्रामा ‘सबात’ और ‘नीम’ में साथ काम कर चुके हैं. भारत में मावरा को फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ के लिए भी जाना जाता है, जिसमें उन्होंने हर्षवर्धन राणे के साथ अभिनय किया था.
