भारत की प्रतिनिधि काजिया लिज मेजो का मिस यूनिवर्स 2026 में सफर टॉप 30 तक पहुंचने के बाद समाप्त हो गया. 19 वर्षीय मेजो ग्रैंड फिनाले में टॉप 12 प्रतियोगियों में जगह नहीं बना सकीं. प्रतियोगिता का आयोजन सैन जुआन, प्यूर्टो रिको के जोस मिगुएल अग्रेलॉट कोलिजियम में हुआ.

स्विमसूट राउंड के बाद प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को घटाकर 12 किया गया. टॉप 12 में चिली, डोमिनिकन रिपब्लिक, अमेरिका, न्यूजीलैंड, क्यूबा, प्यूर्टो रिको, फिलीपींस, कोलंबिया, निकारागुआ, वेनेजुएला, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और फ्रांस की प्रतिनिधियां शामिल रहीं.

मेजो ने प्रतियोगिता के दौरान अपने पहनावे के जरिए भारतीय और खास तौर पर केरल की सांस्कृतिक पहचान को सामने रखा. व्यक्तिगत इंटरव्यू राउंड में उन्होंने केरल की पारंपरिक कसावु साड़ी से प्रेरित परिधान पहना. उनका राष्ट्रीय परिधान भी केरल की सांस्कृतिक विरासत और भारत की समृद्ध वस्त्र परंपराओं पर आधारित था.

मेजो मूल रूप से केरल के अलप्पुझा जिले के मावेलिक्करा की रहने वाली हैं और अबू धाबी में पली-बढ़ी हैं. वह मॉडल होने के साथ कानून की छात्रा भी हैं. उन्होंने 12 वर्षों तक शास्त्रीय नृत्य का प्रशिक्षण लिया है. इसके अलावा उन्हें गायन में रुचि है और वह वायलिन तथा ड्रम बजाती हैं. मलयालम फिल्म ‘Shylock’ से उन्होंने अभिनय की शुरुआत भी की थी.

पेजेंट्री में मेजो ने 2024 में Miss Teen Diva का खिताब जीता था. इसके बाद उन्होंने Miss Teen International 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व किया और फर्स्ट रनर-अप रहीं. इस साल वह Miss Universe Kerala का खिताब जीतने वाली सबसे कम उम्र की प्रतिभागी बनीं. अगस्त में जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 52 अन्य प्रतिभागियों को हराकर वह Miss Universe India बनीं.

Miss Universe 2026 प्रतियोगिता का आयोजन इसके 75वें वर्ष के मौके पर किया गया. इस अवसर पर Miss Universe Organisation ने 3,150 हीरों से सजा विशेष ताज पेश किया. भारत अब तक तीन बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीत चुका है—सुष्मिता सेन ने 1994, लारा दत्ता ने 2000 और हरनाज संधू ने 2021 में यह खिताब जीता था.