विजय वर्मा और जयदीप अहलावत की आगामी फिल्म ‘Mission Mirchi’ की सिक्किम में चल रही शूटिंग के दौरान एक तकनीशियन की सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसे के बाद फिल्म की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है.
मृतक की पहचान 46 वर्षीय पिंटू मंडल के रूप में हुई है. वह कोलकाता स्थित Light & Light एजेंसी से जुड़े लाइट बॉय थे और Maddock Films की इस फिल्म के तकनीकी दल के साथ काम कर रहे थे.
Tsomgo Lake से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना जवाहरलाल नेहरू रोड पर 5th Mile इलाके के पास हुई. बताया गया है कि मंडल शूटिंग का सामान ले जा रहे ट्रक में ड्राइवर के बगल में बैठे थे. वाहन Tsomgo Lake से लौट रहा था और उसमें फिल्म से जुड़े उपकरण लदे थे.
पुलिस के मुताबिक, करीब 3:30 बजे एक तीखे मोड़ पर ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. हादसे में मंडल को सिर पर गंभीर चोटें आईं. उन्हें Sir Thutob Namgyal Memorial Hospital ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई. ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है.
फिल्म का सिक्किम शेड्यूल 15 से 20 नवंबर तक चलने की बात कही गई थी. हादसे के बाद शूटिंग रोक दी गई है. फिल्म के निर्माताओं की ओर से घटना पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
‘Mission Mirchi’ का निर्देशन कुणाल देशमुख कर रहे हैं. फिल्म को कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड से जुड़े रहे इकबाल मिर्ची के जीवन से प्रेरित बताया जा रहा है.
