पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने हाल ही में गायक नितिन मुकेश और उनके परिवार से मुलाकात की. इस मुलाकात की तस्वीर नितिन मुकेश ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की. पोस्ट में उन्होंने धोनी के प्रति सम्मान जताते हुए उन्हें ‘नेशनल ट्रेजर’ यानी राष्ट्रीय धरोहर बताया.
नितिन मुकेश के अनुसार, धोनी उनके पिता और मशहूर गायक मुकेश का गीत ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ पसंद करते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि क्रिकेटर इस गीत को उसी जुनून के साथ गाते हैं. नितिन ने अपनी पोस्ट में धोनी को ‘थाला फॉर अ रीजन’ कहा.
मुलाकात की तस्वीर में धोनी और नितिन मुकेश नीले रंग के कपड़ों में नजर आए. दोनों के एक जैसे रंग के परिधानों को पोस्ट से जुड़े हल्के-फुल्के संयोग के तौर पर देखा गया.
लता मंगेशकर को भी याद कर चुके हैं नितिन
नितिन मुकेश सोशल मीडिया पर अपने जीवन और संगीत से जुड़े खास पलों को साझा करते रहते हैं. 28 सितंबर को उन्होंने महान गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें याद किया था. उन्होंने लता मंगेशकर के साथ अपनी युवा उम्र की तस्वीर साझा करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी.
नितिन मुकेश ने 1970 के दशक में गायन की शुरुआत की थी. उनके चर्चित गीतों में ‘जिंदगी की न टूटे लड़ी’ फिल्म ‘क्रांति’ से, ‘आजा रे ओ मेरे दिलबर आजा’ फिल्म ‘नूरी’ से और ‘सो गया ये जहां’ फिल्म ‘तेजाब’ से शामिल हैं. उन्होंने ‘राम लखन’ का ‘माय नेम इज लखन’ और ‘चांदनी’ का ‘तू मुझे सुना’ भी गाया है.
